Datia news : दतिया। चार दिन पहले घर से 17 लाख के जेबरात लेकर लापता हुई काम वाली बाई को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। जिसने पूछताछ में घटना के बारे में सच उगल दिया है। इस पूरे मामले का खुलासा गुरुवार को पुलिस करेगी।
बुधवार को न्यू हाउसिंग बोर्ड कालोनी निवासी सुधीर सिकरवार ने कोतवाली में चोरी की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस को बताया कि वे दिल्ली में रहकर एक आइटी कंपनी का संचालन करते हैं, लेकिन कुछ माह से वे अपने परिवार
के साथ दतिया में निवास कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने घरेलू कामकाज के लिए एक महिला को रखा था, जो नियमित रूप से उनके घर काम पर आती थी।
पीड़ित के अनुसार एक फरवरी को उनकी पत्नी और बच्चे दिल्ली चले गए थे, जबकि सात फरवरी को वे अपनी मां को इलाज के लिए ग्वालियर लेकर गए थे। उस समय घर की देखरेख के लिए वही महिला मौजूद थी।
10 फरवरी की सुबह जब वे दिल्ली जाने की तैयारी कर रहे थे, तब उन्होंने अलमारी खोली तो उसमें रखे सोने के जेबरात गायब मिले। पहले तो उन्हें विश्वास नहीं हुआ, लेकिन पूरी तरह जांच करने पर साफ हो गया कि घर से बड़ी मात्रा में जेबर चोरी हो चुके हैं।
चोरी हुए जेबरों में सोने की अंगूठियां, चेन, कड़ा, ब्रेसलेट, टाप्स और कान की चेन शामिल हैं। इनका कुल वजन करीब 100 ग्राम से अधिक बताया जा रहा है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 17 लाख रुपये आंकी गई है।
लापता थी आरोपित महिला : सुधीर का कहना है कि घटना के बाद जब उन्होंने घर में काम करने वाली महिला से संपर्क करने की कोशिश की, तो उसका मोबाइल फोन बंद मिला और वह कई दिनों से काम पर भी नहीं आई थी। इसी आधार पर उन्होंने महिला पर संदेह जताते हुए पुलिस को सूचना दी।
मामले में कोतवाली पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरु कर दी थी। पुलिस ने संदेह के आधार पर उक्त महिला को अभिरक्षा में ले लिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है।


