फोटोस्टेट की दुकान चलाने वाले युवक ने लगाई फांसी अगले माह होने वाली थी शादी, आर्थिक तंगी से था परेशान

दतिया. इंदरगढ़ में आर्थिक तंगी के चलते तहसील कार्यालय के पास फोटो स्टेट की दुकान संचालित करने वाले युवक ने रविवार सुबह अपनी दुकान में लगे पंखे से रस्सी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। मृतक का पंखे से झूलता शव उसके बड़े भाई ने देखा, जिसकी सूचना स्वजनों को दी। इस संबंध में पुलिस को सूचित किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर उसे पीएम के लिए भिजवाया।

मृतक की दुकान के बाहर लगी भीड़ और पुलिस

जानकारी के अनुसार मृतक दीपक खटीक पुत्र नारायण खटीक 29 निवासी तालगांव हाल निवास तहसील कार्यालय इंदरगढ़ के पीछे रहता था। दीपक शनिवार 12 बजे से घर से गायब था। रविवार सुबह 8 बजे बड़ा भाई मुकेश दूध लेकर घर आ जा रहा था, तभी दीपक की दुकान की शटर खुली होने के कारण उसने शटर उठाकर देखा तो वहां उसका भाई दीपक फांसी पर लटका था। मुकेश ने पुलिस को घटना की सूचना दी।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा बनाकर शव को नीचे उतारा एवं पीएम कराकर स्वजनों को सौंप दिया। मृतक के भाई मुकेश ने पुलिस को बताया कि उसका भाई बैंक के सामने फोटोस्टेट की दुकान करता था। किसी से कोई दुश्मन नहीं थी, कल से गायब होने पर दो दोस्तों को फोन लगाया। लेकिन उन्होंने भी फोन नहीं उठाया। तहसील के पीछे किराए का मकान लेकर मां के साथ रहता था। अगले माह उसकी शादी भी होने वाली थी। पुलिस ने फिलहाल घटना के संबंध में मर्ग कायम कर मामला जांच में लिया है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter