सलवार सूट पहनकर घर में घुस आया बदमाश : चाकू से हमला कर लूटपाट की कोशिश, मोहल्ले वालों ने दबोचा

Datia news : दतिया। बदमाश भी अब वेश बदलकर घरों में घुसने लगे हैं। शुक्रवार सुबह शहर में ऐसी ही सनसनी खेज लूटपाट की घटना ने लोगों को दहशत में ला दिया। शहर के बीचों बीच स्थित मातन के पहरा क्षेत्र में एक लुटेरा, महिला का वेश बनाकर एक घर में दाखिल हो गया। जहां उसने वारदात को अंजाम देने की कोशिश की।
जानकारी के अनुसार उक्त लुटेरा महिला के वेश में बाकायदा सलवार सूट और जूड़ा बनाकर आया था। जिसने मातन का पहरा निवासी शंकर कब्जू के घर का दरवाजा खटखटाया। जैसे ही घर की महिला सदस्य गीता भार्गव ने दरवाजा खोला, वैसे ही लुटेरा उस पर चाकू लेकर टूट पड़ा। महिला गीता ने भी लुटेरे का हिम्मत से मुकाबला करते हुए चिल्लाना शुरू कर दिया। गीता के चिल्लाने की आवाज सुन, घर के लोग और आसपास के व्यक्ति भी दौड़कर वहां पहुंच गए और सबने घेरकर लुटेरे को दबोच लिया।
इस हमले में महिला के गले और मुंह के जबड़े में चोट आने से वह घायल हो गई।

पकड़े जाने पर लुटेरे की हुई जमकर धुनाई : लुटेरे को पकड़ने के बाद मोहल्ले के लोगों ने उसकी जमकर धुनाई की। इस घटना को लेकर सभी आक्रोश में थे। इसके बाद घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस लुटेरे को गिरफ्तार कर अपने साथ कोतवाली ले गई।पुलिस को बदमाश ने अपना नाम अरविंद जाटव निवासी ग्वालियर बताया है। पुलिस बदमाश से पूछतांछ कर रही है।
बदमाशों ने निकाला लूट का नया तरीका : शहर में संभवता पहली बार लूट का ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें बदमाश ने महिला जैसा वेश रखकर घटना को अंजाम देने की कोशिश की। ऐसे में अब लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी जाने लगी है। साथ ही पुलिस ने महिलाओं को भी सतर्क रहने की समझाईश दी है। वहीं शहर में लगातार लूटपाट, चोरी और गोलीबारी की घटनाओं से लोग दहशत में है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter