साहूकारों ने स्टाम्प पर कर्ज के बदले लिखवा ली जमीन, तंग होकर अधेड़ ने खुद को बंदूक से मार ली गोली

Datia news : दतिया। कर्ज के बोझ से परेशान एक अधेड़ ने मंगलवार रात अपने घर में बंदूक से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पत्नी ने पुलिस को बताया कि उसके पति ने कुछ लोगों द्वारा दिए गए उधार से तंग आकर यह आत्मघाती कदम उठा लिया। घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक का शव कब्जे में लेकर उसे पीएम के लिए भिजवाया। पुलिस ने घटना को लेकर छानबीन शुरू कर दी है।

घटना के संबंध में मृतक की रानी परिहार द्वारा कराई गई रिपोर्ट के मुताबिक उसके पति रविन्द्र परिहार निवासी ग्राम बुढेरा थाना अतरेटा हाल निवासी वार्ड क्रमांक 7 अनूपगंज को कुछ वर्षों से शराब पीने और जुआ खेलने की लत लग गई थी। एक वर्ष पहले उसके पति रविंद्र परिहार को महेश व पंकज परिहार ने जुआ खेलने के लिए 4 लाख रुपये ब्याज पर उधार दिए थे, जिसके एवज में उक्त लोगों ने उसके पति से 3 बीघा जमीन स्टांप पर लिखवा ली थी। इसके बाद से ही उसका पति परेशान रहता था।

कर्ज के बोझ से परेशान होकर रविंद्र उर्फ लला परिहार पुत्र रंजीत परिहार मंगलवार को रात 11 बजे घर लौटा और सीधे अपने कमरे में चला गया। जहां उसने बंदूक से खुद को गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर मृतक की पत्नी रानी और बेटा सत्यम कमरे की तरफ दौड़े तो वहां रविंद्र का खून से लथपथ शव पड़ा था। बंदूक जमीन पर पड़ी हुई थी। घटना की सूचना मिलते ही डायल 100 मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और सुबह पीएम के लिए सिविल अस्पताल सेवढ़ा भिजवाया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter