बिना मरम्मत कराए अफसरों ने नहरों में छोड़ दिया पानी, अब टूटी-फूटी नहरों से खेतों में भर रहा पानी,  किसानों की मुसीबत बढ़ी

Datia News : दतिया। राजघाट नहर परियोजना के अधिकारियों की मनमानी से बसई क्षेत्र के किसानों को इस बार भी नुकसान झेलना पड़ रहा है। नहर छोड़ने से पहले यहां उसकी साफ सफाई व मरम्मत न कराए जाने से नहर का पानी आसपास बने खेतों में पहुंचने लगा है।

जिससे किसानों के खेत जलमग्न हो गए है। ग्राम हिम्मतपुर से कुईया के लिए एक माईनर निकली हुई है। जिसकी सफाई की ओर कभी ध्यान नहीं दिए जाने से हर वर्ष नहर का पानी किसानों के खेतों में जमा होने लगता है।

इस बार भी बसई क्षेत्र में जब नहर छोड़ी गई तब तक लगभग सभी किसानों ने अपने खेतों में पलेवा कर लिया था। किसानों का कहना है कि अब जब फसलों को पहला पानी लगने की जरुरत होगी उस समय नहर आना बंद हो जाएगी। ऐसा हर बार होता है। जिससे किसानों को परेशानी उठानी पड़ती है।

पानी भरने से खेत बने तालाब

नहर का पानी बिना मरम्मत छोड़ दिए जाने से टूटी नहर से हिम्मतपुर के लगभग एक दर्जन किसानों के खेतों में पानी भर जाने से वह तालाबनुमा नजर आने लगे हैं। परेशान किसानों का कहना है कि खेत में पानी भर जाने से वह बोवनी कार्य नहीं कर पा रहे हैं।

Banner Ad

वहीं इस माईनर के टूटे होने से ग्राम कुईया तक भी पानी नहीं पहुंच पा रहा है। किसानों का कहना है कि हर बार ऐसा होता है। इस बार भी हमने अधिकारियों को पहले ही अवगत करा दिया था, लेकिन राजघाट के अधिकारियों ने हमारी एक ना सुनी ओर बिना साफ सफाई व मरम्मत के नहर में पानी छोड़ दिया।

जो खेतों में भर गया है। नहर फूटने पर किसान अपने-अपने खेतों में मेड़ बांधते देखे गए। हिम्मतपुर के किसान जाहर सिंह राजपूत, कोमल नेता, भरत राजपूत, अवधेश लोधी, महेंद्र लोधी, महेश लोधी, विजय राम, मझले आदि ने नाराजगी जाहिर करते हुए जल्द ही समस्या का समाधान करने की मांग की है। साथ ही अन्यथा िस्थति में आंदोलन की चेतावनी दे है।

कुईया के किसानों को पानी के इंतजार में

हिम्मतपुर में टूटी नहर का पानी खेतों में भरने के कारण नहर का पानी आगे नहीं जा पा रहा। जिसके कारण ग्राम कुईया में पानी नहीं पहुंच रहा है। इस गांव के किसान नहर के पानी की आस लगाए बैठे हैं।

किसानों का आरोप है कि नहर टूटी होने के कारण उन तक पानी नहीं आ रहा है। जिससे उन्हें निराश होना पड़ रहा है। उनका कहना है कि अधिकारियों की मनमानी के आगे किसानों की एक नहीं चलती है हर बार नुकसान झेलना पड़ता है।

इस संबंध में एसडीओ राजघाट नहर खनियाधाना जेपी कोहली का कहना है कि समस्या मेरे संज्ञान में आई है, जल्दी ही जेसीबी मशीन पहुंचाकर समस्या का समाधान कराता हूं।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter