Datia news : दतिया। कलयुगी बेटे से अपनी उसी सगी मां का खून कर दिया जिसने उसे दूध पिलाकर बड़ा किया था। जायदाद के लालच में अंधे हुए बेटे ने घर में पत्थर से कुचलकर अधेड़ मां की हत्या कर डाली। घटना के बाद वह भागने की फिराक में था। लेकिन पुलिस ने उसे मशक्कत कर पकड़ लिया। जिगना थाना क्षेत्र के ग्राम विजयपुर में यह दर्दनाक घटना सामने आई है।
घटना के बाद आरोपित घर पर ताला डालकर भागने की फिराक में था। तभी मृतका का भतीजा वहां आ पहुंचा। जिसे देखकर वह घबरा गया और अपने डेढ़ साल के मासूम बेटे को वहां छोड़कर मौके से भाग खड़ा हुआ।
आरोपित के भागने पर जब भतीजे को शक हुआ तो उसने खिड़की से झांककर घर के अंदर देखा तो वहां उसकी चाची का खून से लथपथ शव पड़ा नजर आया।
घटना के बाद शोर शराबा मचने पर लोग जमा हो गए। घटना की खबर जिगना पुलिस को दी गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से आरोपित को कुछ ही घंटों में हिरासत में ले लिया है। जिसने घटना करना स्वीकार किया।
पुलिस के मुताबिक मृतका की पहचान मिथिला पाल पत्नी स्वर्गीय महेश पाल विजयपुर के रूप में हुई है। आरोपित उसका छोटा बेटा अरविंद पाल है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अरविंद अपनी मां से जमीन अपने नाम कराने का दबाव बना रहा था। मां के इंकार करने पर दोनों के बीच विवाद हुआ। आखिरकार गुस्से में बेटे ने पास पड़े पत्थर से मां की हत्या कर दी।
मृतका के भतीजे सुरेंद्र पाल ने पुलिस को बताया कि बुधवार रात आठ बजे दतिया से मजदूरी कर गांव लौटा था। घर के बाहर अरविंद खड़ा था, पास में उसका बच्चा रो रहा था। जब उसने पूछा तो अरविंद बच्चे को वहीं छोड़कर भाग निकला।
जमीन नाम कराने की थी जिद : पुलिस के अनुसार अरविंद की पारिवारिक स्थिति पहले से ही खराब थी। उसकी पहली पत्नी छह साल पहले उसे छोड़कर चली गई थी।
जिसके बाद उसने ओरछा की एक महिला को बिना विवाह के रख लिया था। जिससे उसका डेढ़ साल का बेटा भी है। जबकि महिला के एक बेटी पहले से ही थी।
अरविंद की माली हालत ठीक नहीं होने के कारण उसकी दूसरी पत्नी के रुप में रह रही महिला से उसका अक्सर विवाद रहता था। इसीके चलते वह भी करीब 20 दिन पहले मायके चली गई थी।
जबकि उसका डेढ़ वष का बेटा अरविंद के पास ही रहा। अरविंद ने इसी दबाव के चलते अपनी मां से जमीन नाम करने की जिद पकड़ रखी थी। ताकि उसकी माली हालत ठीक हो सके। लेकिन जब मां नहीं मानी तो अरविंद ने गुस्से में उसकी हत्या कर दी।
बड़ा भाई भी है जेल में : मृतका का बड़ा बेटा धर्मेंद्र पाल भी फिलहाल झांसी जेल में बंद है। उस पर लूट और चोरी जैसे गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। गांव में लोग बताते हैं कि परिवार पहले से ही सामाजिक और आर्थिक संकट से जूझ रहा था। पति की मौत के बाद मिथिला पाल ही घर संभाल रही थी।


