मुंबई। रविवार की शाम दर्शकों के लिए धमाकेदार होने वाली है। आईटीए अवॉर्ड्स 2022 (ITA Awards 2022) में टीवी की सितारें अपनी शानदार परफाॅर्मेंस देते हुए झूमते नाचते नजर आएंगे। मुंबई में इस अवॉर्ड शो का हाल ही में आयोजन हुआ था। अवॉर्ड शो के दौरान टीवी और फिल्मी जगत से जुड़ी नामी गिरामी हस्तियां भी नजर आएंगी।
इस अवॉर्ड शो में किन किन टीवी सितारों ने अपनी धमाकेदार डांस परफाॅर्मेंस दी, यह देखने के लिए दर्शक भी बैचेन होंगे। इस रविवार दर्शकों के इंतजार की घड़िया खत्म होने वाली हैं। सबसे बड़ा तोहफा तो ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ (Yeh Rishta Kya Kehlata Hai) और अनुपमा (Anupama) के दर्शकों को मिलने वाला है।
शो के दौरान अभि और अक्षरा की जोड़ी का कमाल डांस दर्शकों को भी झूमने पर मजबूर कर देगा। वहीं अनुज और अनुपमा की शादी का रंग इस अवार्ड शो में भी नजर आने वाला है।
दोनों डीडीएलजे के फेवरेट सॉंग पर थिरकते दिखने वाले हैं। स्टार प्लस के ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर आईटीए अवॉर्ड्स 2022 के कई प्रोमो रिलीज किए जा चुके हैं।
अनुज ने अनुपमा से कहा ‘मेंहदी लगा के रखना…’ : अवॉर्ड शो में सबसे ज्यादा नजर अनुपमा टीवी शो के रूपाली गांगुली-गौरव खन्ना के ऊपर रही। शो में इन दोनों के प्रोमो ने सबका ध्यान खींचने में कामयाबी हासिल की।
प्रोमो में अनुज यानि गौरव और अनुपमा यानि रूपाली ने फिल्म दिलवाले दुलहनिया ले जाएंगे के वेडिंग सांग मेहंदी लगाके रखना…पर जबरदस्त परफॉर्मेंस देकर सामने मौजूद लोगों को खूब तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया। फिल्मी सितारे भी अनुज और अनुपमा की परफॉर्मेंस को खूब एन्जॉय करते दिखाई दिए।
अक्षरा-अभि ने भी जमाया रंग : रिश्ता क्या कहलाता है’ शो के कलाकारों ने भी आईटीए अवॉर्ड्स में खूब रंग जमाया। अपने रोमांटिक परफॉर्मेंस से अक्षरा और अभि दर्शकों का मनोरंजन करने में सफल रहे।
अवॉर्ड शो के एक प्रोमो में अक्षरा यानि प्रणाली राठौर और अभि का किरदार निभाने वाले हर्षद चोपड़ा ने फिल्म कबीर सिंह के गाने पर जमकर डांस किया। दोनों की परफाॅर्मेंस देखकर बालीवुड कलाकार भी एक्साइटमेंट में दिखे।
रणवीर सिंह ने तो विसल बजाकर अभि और अक्षरा की डांस केमेस्ट्री का भरपूर मजा लिया। आईटीए अवॉर्ड्स 2022 को देखने के लिए दर्शक भी काफी उत्सुक होंगे। लेकिन अब चंद घंटों बाद ही यह सारा मजा उनकी आंखों के सामने होगा।