मंदिर पर गुम्मे फैंकने वाला युवक पुलिस ने पकड़ा : इधर गल्ला मंडी में हथियार लिए घूम रहा आरोपित कट्टे सहित गिरफ्तार

Datia news : दतिया। ग्राम कुलैथ में एक मंदिर पर गुम्मे फैंककर माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले युवक को पुलिस ने ग्रामीणों की सूचना पर तत्काल पहुंचकर गिरफ्तार कर लिया। सुरक्षा के मद्देनजर गांव में पुलिस बल भी तैनात कर दिया गया। वहीं ग्राम हमीरपुर में एक घर पर हवाई फायर कर दहशत फैलाने के मामले में आदतन बदमाश को पुलिस ने हथियार सहित पकड़ा है। उक्त आरोपित को पुलिस जिला बदर कराने की तैयारी में है।

लांच थाना क्षेत्र के ग्राम कुलैथ में एक युवक ने मंदिर में गुम्मे फैंककर वहां उत्पात मचा दिया। इस मामले में पुलिस ने उक्त युवक को गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी सविता शर्मा ने बताया कि ग्राम के युवक अनिल पुत्र राजकुमार को गिरफ्तार कर उससे पूछतांछ की जा रही है।

ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तत्काल कार्रवाई की। ग्रामीणों में नाराजगी को देखते हुए गांव में पुलिस को तैनात किया गया। युवक ने यह हरकत क्यों की, इसे लेकर उससे पुलिस पूछतांछ कर रही है।

गल्ला मंडी से पकड़ा असलाहधारी युवक : गुरुवार को सिविल लाइन थाना पुलिस ने पांच माह से फरार चल रहे तीन हजार रुपये के इनामी बदमाश को 315 बोर के अवैध लोडेड कट्टे के साथ गल्ला मंडी से गिरफ्तार किया है।

सिविल लाइन टीआई गब्बर सिंह गुर्जर ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर गल्ला मंडी से आरोपित विशाल पुत्र चंद्रप्रकाश कुशवाह को गिरफ्तार किया गया। जिसके कब्जे से पुलिस ने एक 12 बोर का लोडेड कट्टा जप्त किया है। आरोपित ने 12 फरवरी 2023 को हमीरपुर गांव में अरुण अहिरवार के घर पर अपने साथियों के साथ मिलकर दहशत फैलाने के लिए हवाई फायर भी किए थे।

आरोपित की गिरफ्तारी पर दतिया एसपी ने तीन हजार का इनाम घोषित किया था। आरोपित के विरुद्ध एक दर्जन अपराध दर्ज बताए जाते हैं। उसके विरुद्ध जिला बदर की कार्रवाई भी की जा रही है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter