दतिया की नगर पालिका व नगर परिषदों के अध्यक्ष पद पर रहेगा महिलाओं का कब्जा, जिला पंचायत अध्यक्ष का पद भी अनारक्षित महिला को

Datia News : दतिया । जिला पंचायत और नगर पालिका अध्यक्ष पदों के आरक्षण की घोषणा होते ही राजनीतिक समीकरण तैयार किए जाने लगे हैं। सबसे बड़ी बात दतिया जिले की चारों नगर पालिका व नगर परिषद् की सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हुई हैं। इस बार नगर पालिका अध्यक्ष का चुनाव जनता से सीधे से न होकर अप्रत्यक्ष रुप से पार्षदों द्वारा होगा।

ऐसे में महिला पार्षदों को ज्यादा मौका दिए जाने की संभावना भी बढ़ गई है। वैसे भी नगर पालिका दतिया में महिलाओं के लिए आधा दर्जन से अधिक वार्ड आरक्षित हैं।

मंगलवार को जिला पंचायत अध्यक्षों के आरक्षण की घोषणा कर दी गई। इसके साथ ही नगर पालिका और नगर परिषद् के अध्यक्षों के आरक्षण को लेकर भी घोषणा हुई। जिसके तहत दतिया में जिला पंचायत अध्यक्ष का पद अनारक्षित रहेगा।

पिछली बार दतिया जिला पंचायत अध्यक्ष पद एससी महिला वर्ग के लिए आरक्षित हुआ था। जबकि दतिया नगर पालिका अध्यक्ष की सीट अनारक्षित महिला के लिए रिजर्व हुई है।

वहीं नगर परिषद् बडोनी का अध्यक्ष पद एससी महिला के खाते में गया है। भांडेर नगर परिषद् का अध्यक्ष पद अन्य पिछड़ा वर्ग महिला के लिए आरक्षित हुआ है। जबकि सेवढ़ा नगर परिषद् अध्यक्ष पद पर सामान्य महिला अध्यक्ष बैठेगी।

नगर पालिका व नगर परिषद अध्यक्ष पदों पर इस तरह महिलाओं का ही कब्जा रहने वाला है। आरक्षण की इस िस्थति के बाद राजनीतिक समीकरण तैयार किए जाने लगे हैं। राजनीतिक दलों ने भी इसे लेकर अपनी तैयारियों में फेरबदल कर लिया है।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter