Datia News : दतिया। इंदरगढ़ क्षेत्र में लूट एवं चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। किसान से रुपयों से भरा बैग छीन ले जाने की तीसरी घटना 15 दिन के अंतराल में घटित हो गई। करीब 10 दिन पूर्व सर्राफा व्यापारी चंद्रप्रकाश को गोली मारकर बदमाश सोने चांदी के जेबरात से भरे दो बैग लूटकर ले गए थे।
जिनका सुराग अभी तक पुलिस नहीं लगा पाई है। इसी बीच शुक्रवार को इंदरगढ़ मेन बाजार से बदमाश एक किसान का रुपयों से भरा थैला छीनकर ले भागे। घटना का शिकार बने किसान ने पुलिस में मामला दर्ज कराया है।
जानकारी के अनुसार भिटारी निवासी किसान निर्भय सिंह इंदरगढ़ बाजार में शुक्रवार को शादी की खरीददारी करने के लिए आया था। जैसे ही वह मैन बाजार में पहुंचा वहां पहले से ही घात लगाए बैठे अज्ञात बदमाश ने उसकी आंखों पर पाउडर फेंक दिया।
किसान ने जैसे ही पाउडर साफ करने की कोशिश की, तभी बदमाश उसके हाथ से थैला छीनकर भाग गए। किसान चिल्लाता रहा लेकिन तब तक बदमाश काफी दूर जा चुके थे।
बैग में 1 लाख रुपये होने की जानकारी किसान ने दी है। किसान निर्भय सिंह ने बताया कि उसके घर में 2 मई को शादी है। वह खरीदारी करने इंदरगढ़ बाजार आया हुआ था।
इसी बीच यह घटना घटित हो गई। किसान के थैला छीनकर ले जाने की घटना के बाद आसपास के दुकानदारों में भी दहशत फैल गई। किसान ने इंदरगढ़ थाने में मामला दर्ज कराया है। पुलिस जांच कर रही है।