पुलिस से बोले परिजन पहले हत्या का मामला दर्ज करो, तभी करेंगे मृतक युवक का अंतिम संस्कार, आनन-फानन में मंगाई गई पीएम रिपोर्ट

Datia News : दतिया। खेत में चारा काटने को लेकर हुए विवाद में एक युवक की गांव के कुछ दबंगों ने गंभीर रूप से मारपीट कर दी। इस दौरान घायल हुए युवक को उपचार के लिए पहले परिजन झांसी लेकर पहुंचे जहां से उसे ग्वालियर रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

युवक की मौत के बाद उसके परिजन इस मामले में मारपीट करने वाले आरोपितों पर हत्या का प्रकरण दर्ज किए जाने की मांग उठाई। परिजनों का कहना था कि वह तब तक मृतक का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे जब तक कि पुलिस आरोपितों पर हत्या का मामला दर्ज नहीं कर लेती।

मंगलवार रात परिजन शव को पूरी रात लेकर घर पर बैठे रहे। जब इस बात की सूचना एसडीओपी को लगी तो वह गांव पहुंचे और उन्होंने मृतक के परिजन को समझाया कि ग्वालियर से पीएम रिपोर्ट आने के बाद धाराओं में बदलाव कर दिया जाएगा।

बुधवार शाम चार बजे पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ हत्या सहित एट्रोसिटी एक्ट की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया। तब जाकर 24 घंटे बाद मृतक का अंतिम संस्कार किया गया। इस मामले में उनाव पुलिस ने पांच आरोपितों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।

जानकारी के अनुसार विगत 10 नवंबर की शाम 5 बजे जिले उनाव ब्लाक के तरगवां गांव में खेत पर आनंद दोहरे पुत्र मनीराम दोहरे अपनी पत्नी भीमवती तोहरे के साथ खेत में गाय के लिए चारा काट रहा था।

इसी दौरान ओमप्रकाश कुर्मी उर्फ पप्पू वहां आया और उसने कहा कि पहले हमारी गाय के लिए चारा काटो। इस पर जब आनंद ने मना किया, तो विवाद बढ़ गया।

उसके बाद ओमप्रकाश ने अपने अन्य साथियों को भी वहां पर बुला लिया और आनंद के साथ मारपीट की। जिसमें वह गंभीर घायल हो गया।

घायल आनंद दोहरे को पहले इलाज के लिए झांसी और बाद में ग्वालियर ले जाया गया था, जहां गत मंगलवार इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

इस मामले में मृतक आनंद के जीजा यशवंत सिंह दोहरे का आरोप था कि पहले पुलिस मारपीट मामले की रिपोर्ट ही नहीं लिख रही थी। पुलिस का कहना था कि पहले घायल आनंद को लेकर आओ।

युवक खेत की मेढ़ के पास घायल अवस्था में पड़ा था, जिसे परिजन ढूंढकर थाने पहुंचे तब पुलिस हरकत में आई। गंभीर घायल आनंद को पुलिस पहले जिला अस्पताल लेकर गई फिर वहां से रैफर करने के बाद उसे झांसी के अस्पताल ले गई, उसकी हालत नहीं सुधरी तो परिवार वाले उसे ग्वालियर लेकर आए।

जहां गत मंगलवार की सुबह उसकी मौत हो गई। मृतक के स्वजन शव लेकर गांव लौटे और उन्होंने आरोपितों पर हत्या का मामला दर्ज न होने तक अंतिम संस्कार न करने की बात पुलिस के सामने रखी।

पुलिस ने एक कर्मचारी को ग्वालियर भेजा और अस्पताल से मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट मंगवाई गई। यह पुलिस कर्मी 3 बजे उनाव थाने पहुंचा और इसके बाद मामला दर्ज किया गया।

उनाव थाना प्रभारी अमर सिंह गुर्जर ने बताया कि मृतक के परिवार वाले जिद कर रहे थे कि तुरंत केस दर्ज किया जाए, जबकि प्रकरण तो पूर्व में ही दर्ज किया जा चुका था। सिर्फ धाराएं बदली जाना थी।

जब तक ग्वालियर से पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं आती तब तक इस हत्याकांड मामले में हत्या संबंधी धारा 302 नहीं लगाई जा सकती थी। जब पीएम रिपोर्ट आई तो हमने धाराओं में बदलाव कर लिया है।

पुलिस ने इस हत्याकांड मामले में ओमप्रकाश और पप्पू पुत्र रतिराम कुर्मी, सौरभ पुत्र ओमप्रकाश कुर्मी, कमलू कुर्मी पुत्र कल्याण कुर्मी, विकास कुर्मी पुत्र शालिग्राम कुर्मी, प्रद्युम्न पुत्र ज्वाला प्रसाद कुर्मी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस सभी आरोपितों की तलाश कर रही है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!