सिंध से निकले रेल्वे ट्रेक पर इंजन चलवाकर जांची गई सुरक्षा, इसके बाद धीमी गति से निकल सकी ट्रेनें, डीआरएम ने ट्रेक किया चैक, पुराना सड़क पुल भी हुआ चालू

Datia News : दतिया। सिंध नदी में गत दिवस बढ़े जलस्तर को देखते हुए रेल प्रशासन ने भी सतर्कता बरतना शुरू कर दी है। पुल पर सुरक्षा की दृष्टि से रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग के वरिष्ठ अधिकारी को इंजन में बैठाकर पुल पार कराया गया ताकि किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या आने पर उसे तुरंत ठीक किया जा सके। अब रेल यातायात पूरी तरह से बहाल हो गया है।

वहीं गोराघाट डबरा के बीच बने सिंध के पुराने सड़क पुल से वाहनों को निकालना शुरू कर दिया गया है। यहां दोनों ओर तैनात पुलिस सावधानी के साथ वाहनों को पुल पार करा रही है।

सिंध का जल स्तर कम होने के साथ रेल यातायात पूरी तरह सुगम हो गया है। गत दिवस सिंध के उफान को देखते हुए पूरी रात रेल प्रशासन के आला अधिकारी कोटरा रेलवे स्टेशन से 4 किलोमीटर दूर स्थित ट्रेक क्रमांक 1176/1 पर पहुंचे। डीआरएम संदीप माथुर ने जहां बढ़ते जलस्तर को देखते हुए ट्रेनों का आवागमन डाउन ट्रेक पर बंद करने का निर्णय लिया था, जो अब पूरी तरह चालू कर दिया गया है।

गत दिवस रेल अधिकारियों ने निरीक्षण कर 3 घंटे बाद ट्रेनों को पुनः चलाने का निर्णय लिया था। जिसके बाद झांसी मंडल डीआरएम संदीप माथुर कोटरा रेलवे स्टेशन पहुंचे। जहां उन्होंने रेल ट्रॉली से निरीक्षण करते हुए सिंध पुल पर जायजा लिया। उन्होंने बारीकी से ट्रेनों के आवागमन के लिए जरुरी दिशा निर्देश दिए।

इसके साथ ही जहां जो समस्याएं देखी गई उसका तुरंत ही निदान करने के संबंधित अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। इस दौरान ट्रेनों की आवाजाही के लिए 20 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से सतर्कता आदेश देकर रखी गई थी।

सिंध पर बने सड़क पुल से वाहनों का निकलना हुआ शुरू

भारी बरसात के बाद सिंध नदी का जलस्तर घटा है। जिसके बाद लोगों के माथे से चिंता की लकीरें मिट गई हैं। मंगलवार शाम से डबरा-दतिया सिंध ओवरब्रिज पर आवागमन प्रतिबंधित कर दिया गया था। जिसे बुधवार देर शाम के बाद खोला गया। NHAI के निर्देशों के बाद पुराने सिंध पुल को खोला गया है। जिस पर से आवागमन होने लगा है।

वहीं नए पुल में मिट्टी धसक जाने से NHAI ने पांच दिनों के लिए नया पुल बन्द कर दिया है। झांसी-ग्वालियर हाईवे पर स्थित सिंध नदी के पुराने पुल से फिलहाल हल्के वाहनों का आवागमन शुरु हुआ है। भारी वाहनों को आधा-आधा घंटा के अंतराल से निकाला जा रहा है।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter