संतों ने तिरंगा लहराकर दिया राष्ट्रभक्ति का संदेश : तिरंगा यात्रा में गृहमंत्री, बागेश्वरधाम महाराज व दंदरौआ सरकार हुए शामिल

Datia News : दतिया। हर घर तिरंगा अभियान के तहत दतिया में विशाला तिरंगा यात्रा निकाली गई। जिसमें बागेश्वरधाम के संत धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री, दंदरौआ सरकार रामदास महाराज, गृहमंत्री डा.नरोत्तम मिश्रा एक साथ खुले वाहन में तिरंगा लहराते हुए निकले। यह तिरंगा यात्रा टाउनहाल से शुरू होकर पीताम्बरा चौराहा पर समाप्त हुई। तिरंगा यात्रा नगर के मुख्य बाजारों से निकली। जिसका नगरवासियों ने पुष्पवार्षा कर भव्य स्वागत किया।

गृहमंत्री डा.नरोत्तम मिश्रा एवं संतों ने तिरंगा यात्रा में शामिल होकर नागरिकों से अपने-अपने घरों पर स्वतंत्रता दिवस पर पूरे उत्साह एवं उमंग के साथ तिरंगा फहराने का संदेश दिया। टाउनहाल से सुबह 11 बजे शुरू हुई तिरंगा यात्रा में सबसे आगे डीजे एवं ढ़ोल नगाड़ों पर राष्ट्रभक्ति की धुन बज रही थी।

हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोग : तिरंगा यात्रा में उमंग एवं उल्लास के साथ नाचते गाते नागरिक पूरे उल्लास के साथ देश भक्तिपूर्ण नारे लगाते हुए चल रहे थे। तिरंगा यात्रा पटवा तिराहा, किला चौक, दारूगर की पुलिया, बिहारी जी मार्ग, तिगैलिया, राजगढ़ चौराहा होते हुए पीताम्बरा पीठ पहुंचकर संपन्न हुई।

तिरंगा यात्रा के दौरान युवा नेता सुकर्ण मिश्रा एवं विवेक मिश्रा के साथ काफी संख्या में लोग भी तिरंगा हाथों में लेकर शामिल हुए। इस दौरान कलेक्टर संजय कुमार, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कमलेश भार्गव, एसडीएम ऋषि सिंघई, उपसंचालक जनसंपर्क अनूप भारती, स्टेनो श्रीनाथ पटैरिया सहित अन्य अधिकारी भी तिरंगा लेकर उत्साह के साथ यात्रा के साथ चले।

पुष्पवर्षा कर किया स्वागत : हर-घर तिरंगा अभियान के तहत जब तिरंगा यात्रा निकल रही थी, उस दौरान नगर के मुख्य बाजारों में अपने घरों की छतों पर महिला पुरूष एवं बच्चों ने पुष्पवार्षा कर तिरंगा यात्रा का स्वागत किया। इस बीच वाहन पर सवार बागेश्वरधाम महाराज पं.धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री भी शहर वासियों का हाथ उठाकर अभिवादन कर रहे थे।

तिरंगा यात्रा में कलेक्टर सहित शासकीय सेवकों ने भी पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। हर-घर तिरंगा अभियान के दौरान नागरिकों को तिरंगा के महत्व को बताने एवं तिरंगा फहराने के लिए जागरुक किए जाने के संबंध में नगर के मुख्य बाजारों से यह यात्रा निकाली गई थी।

जिसमें कलेक्टर संजय कुमार के नेतृत्व में सभी विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारियों ने तिरंगा हाथ में लेकर पूरे उत्साह एवं उमंग के साथ भाग लिया। तिरंगा यात्रा में जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, पुलिस के जवानों, छात्र-छात्राओं, स्काउड गाईड, जन सामान्य ने भी भाग लिया।

हर-घर तिरंगा अभियान के तहत गृहमंत्री डा.मिश्रा, बागेश्वरधाम महाराज पं.धीरेंद्रकृष्ण शास्त्री, दंदरौआ सरकार रामदास महाराज, सांसद संध्या राय तिरंगा रंगी पगड़ी पहनकर निकली।

वहीं तिरंगा यात्रा के दौरान आमजन व अधिकारीगण ‘आई लव माई इंडिया’ लिखी टोपियां लगाए हुए थे। जो लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी। बच्चे भी अपने हाथों में तिरंगा यात्रा के दौरान छोटे-छोटे तिरंगे लिए हुए पूरे रास्ते साथ चले।

निकली भारत माता की झांकी : हर घर तिरंगा अभियान के तहत निकली तिरंगा यात्रा में बैंडबाजों के पीछे एक बग्गी चल रही थी। इस बग्गी पर एक बालिका भारत माता के रूप में विराजमान थी। पूरा दतिया नगर तिरंगा रंग में रंगा दिखाई दे रहा था। हर-घर तिरंगा अभियान के तहत यात्रा मार्ग पर हरे, सफेद एवं केसरिया रंगों के गुब्बारों एवं तिरंगे लगाकर सजाया गया था। सभी घरों पर शान से तिरंगा भी लहराता नजर आया।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter