मेले में आई किशोरी को सपेरे के नाग ने डसा, परिजन अस्पताल लेकर भागे, लोगों ने सपेरे को घेरा

दतिया ।  इंदरगढ़ नगर के प्रसिद्ध गौ-पुरुष शिव मंदिर पर महाशिवरात्रि के मौके पर आयोजित मेले में श्रद्धालुओं की भीड़ लगी थी। इसी दौरान दूरदराज आए सपेरे मंदिर परिसर के बाहर बैठकर लोगों को नाग दर्शन करा रहे थे। इसी बीच सुबह 9 बजे सपेरा गुलशन सिंह पुत्र अमर सिंह निवासी लाडोटी थाना पिछोर भी मंदिर में कोबरा नाग लेकर लोगों को दर्शन करा रहा था।

तभी नेहा गुप्ता पुत्री सीताराम निवासी वार्ड नंबर 8 ने सपेरे की डलिया में बैठे कोबरा नाग को प्रसाद चढ़ाने के लिए जैसे ही हाथ आगे किया तो कोबरा ने उसके हाथ की उंगली में डस लिया। इस घटना के बाद मेले में अफरा तफरी मच गई। आसपास लोगों की भीड़ लग गई। लोगांे ने सपेरे काे घेर लिया। किशोरी के साथ मौजूद स्वजन तत्काल उसे इंदरगढ़ स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।

जहां उसे भर्ती कराया गया। स्वास्थ्य केंद्र में किशोरी का उपचार किया जा रहा है। उपचार कर रहे डाक्टर अवनीश त्रिपाठी ने बताया कि जिस कोबरा सर्प ने डसा है उसका सपेरे ने जहर निकाल लिया था। इससे किशोरी की जान को कोई खतरा नहीं हुआ। उसका उपचार किया जा रहा है। 24 घंटे तक उसकी हालत पर नजर रखी जाएगी। अभी उसकी हालत खतरे से बाहर है।

भीड़ ने घेरा सपेरे को

किशोरी नेहा को नाग द्वारा डस लिए जाने की घटना के बाद वहां मौजूद भीड़ ने सपेरे को घेर लिया। लोग इस घटना के बाद आक्रोश मंे आ गया। कुछ का कहना था कि पुलिस को इस तरह खुलेआम नाग लेकर डलियों में बैठने वाले सपेरों पर कार्रवाई करना चाहिए। वहीं लोगों के आक्रोश से घबराए सपेरे ने बताया कि मंदिर आदि जगहों पर नागों के दर्शन के लिए ले जाने से पहले ही वह उसका जहर निकाल देते हैं। ताकि कभी ऐसी िस्थति आई तो किसी की जान को खतरा न हो। फिलहाल किशोर का अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter