बिहार से रुपये लेकर दतिया में परीक्षा देने आया था साल्वर : पुलिस ने पकड़ा नकली परीक्षार्थी, डीएलएड का पेपर देने पहुंचा था युवक

Datia news : दतिया। डीएलएड की परीक्षा देने के लिए रुपये लेकर बिहार से आए साल्वर युवक को ऐनवक्त पर पकड़ लिया गया। नकली परीक्षार्थी बनकर दतिया आए युवक की हरकतों पर जब शंका हुुई तो उसे केंद्राध्यक्ष ने रोक लिया। इसके बाद उसके पहचान पत्र और दस्तावेजों की जांच की गई। तो सारा सच सामने आ गया।

उक्त नकली परीक्षार्थी उस कालेज के बारे में भी जानकारी नहीं दे सका, जहां का परीक्षार्थी होने की उसने बात कही थी। उक्त युवक बिहार के मधुबनी का निवासी बताया जाता है। जो रुपये देकर संबंधित परीक्षार्थी ने दतिया उक्त परीक्षा देने भेजा था।

जानकारी के अनुसार सिविल लाइन हाईस्कूल दतिया में बुधवार को परीक्षा के दौरान केंद्राध्यक्ष एसएस पटेरिया और कलेक्टर प्रतिनिधि अरविंद यादव परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र और अन्य दस्तावेज जांच कर केंद्र में प्रवेश दे रहे थे।

इसी बीच मधुबनी बिहार निवासी मंटू यादव नामक युवक डीएलएड परीक्षार्थी विवेक मिश्रा निवासी मधुबनी बिहार की जगह साल्वर बनकर वहां पहुंचा।

जिसके प्रवेश पत्र व पहचान पत्र में चेहरा अलग नजर आने पर केंद्राध्यक्ष ने उसे रोक लिया। इस दौरान उन्होंने साल्वर से जब उसकी डेट आफ बर्थ पूछी तो वह घबरा गया। जोर देने पर उसने वर्ष 2000 होना बताई। केंद्राध्यक्ष ने उससे पूरी तारीख बताने को कहा तो वह चुप रह गया।

इसके बाद कालेज के बारे में पूछा गया तो साल्वर युवक का कहना था कि वह भारत कालेज से है। इस पर भारत कालेज के प्रबंधन को फोन कर युवक की जानकारी मांगी गई। जिस पर उन्होंने बताया कि इस संबंध में कोई प्रवेश पत्र जारी नहीं किया गया।

इसके बाद केंद्राध्यक्ष ने मामला शंकास्पद होने पर पुलिस को खबर दी। मौके पर पहुंची पुलिस को साल्वर सुपुर्द कर सभी संबंधित कागजात जांच के लिए सौंप दिए गए। इस दौरान पूछताछ में साल्वर ने पुलिस को बताया कि उसे रुपये देकर परीक्षा देने के लिए संबंधित परीक्षार्थी ने भेजा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter