गुर्दा रैकेट के सरगना का बेटा असम से पकड़ा गया, पुलिस ने घोषित कर रखा था 20 हजार का इनाम

देहरादून : चार साल पहले उत्तराखंड में उजागर हुए अंतरराज्यीय गुर्दा प्रतिरोपण रैकेट के एक आरोपी अक्षय राउत को असम के गुवाहाटी से गिरफ्तार कर लिया गया है। यह जानकारी पुलिस ने दी।

देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जन्मेजय खंडूरी ने यहां संवाददाताओं को बताया कि 2017 में रैकेट के खुलासे के बाद से फरार चल रहे आरोपी पर बीस हजार रुपये का इनाम था। उन्होंने बताया कि 14 नवंबर को गिरफ्तार किए गए राउत को गत दिवस यहां पांच दिन की ​ट्रांजिट रिमांड पर लाया गया।

खंडूरी ने बताया कि अक्षय गुर्दा प्रतिरोपण ​रैकेट के सरगना अमित राउत का पुत्र है जो इस मामले में पहले ही गिरफ्तार हो चुके 17 आरोपियों में से एक है।

उन्होंने बताया कि पिछले चार सालों के दौरान अक्षय पुणे, बंगलुरू, गुवाहाटी और कोलकाता समेत विभिन्न शहरों में रहा और वहां अलग-अलग नामों से विभिन्न अस्पतालों में काम करता रहा। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी अक्षय ने जिन अस्पतालों में काम किया है, उन सबसे संपर्क करके उसकी गतिविधियों के बारे में जानने का प्रयास किया जाएगा ।

देहरादून जिले के लाल तप्पड क्षेत्र स्थित एक अस्पताल में गुर्दा प्रतिरोपण रैकेट का खुलासा हुआ था जहां कथित रूप से पैसों का लालच देकर गरीब लोगों के गुर्दे निकाले जाते थे।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!