तेज रफ्तार कार दुकान में जा घुसी, जहां आग लगने से बालक की मौत, एक गाय भी मरी, कार सवार घायल

Raipur News : रायपुर । रायपुर में एक कार गाय से टकराने के बाद सड़क किनारे दुकान में जा घुसी और उसमें आग लग गई। इस घटना में 15 वर्षीय एक बालक की मौत हो गई तथा दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

रायपुर जिले के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र के अंतर्गत अवंति​ विहार के करीब एक कार सोमवार तड़के गाय से टकराने के बाद सड़क किनारे दुकान में जा घुसी।

इस घटना में कार में आग लग गई तथा कार सवार बालक राहुल निषाद की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। वहीं टक्कर के बाद गाय की भी मौत हो गई है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोग वहां पहुंचे और कार सवारों को बाहर निकाला। वहीं सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने वहां मौजूद लोगों की मदद से कार सवार तीनों को शहर के डॉक्टर भीमराव अंबेडकर अस्पताल पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान एक बालक की मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना में घायल दो लोगों का इलाज किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि इस घटना में कार पूरी तरह से जल गई है। कार में आग लगने के कारणों के बारे में जानकारी नहीं मिली है। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा जांच जारी है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter