चांदी का यंत्र तोड़कर आपस में बांटा था चोरों ने : पुलिस ने बाड़े में पड़े मिले टुकड़े से लगाया बदमाशों का सुराग

Datia news : दतिया। बालाजीधाम उनाव में चोरी करने वाले बदमाश पड़ौसी क्षेत्र के ही निकले। चोरी की घटना के बाद उक्त बदमाश चांदी के दो किलो वजनी कुलप यानि यंत्र को उठाकर ले गए थे। जिसे उन्होंने उनाव से झांसी की ओर जाने वाले रास्ते में पड़ने वाले एक बाड़े में बैठकर तीन बराबर हिस्सों में तोड़ा और आपस में बांट लिया था। इसके साथ ही दो दानपेटी से चोरी की गई नगदी का भी वहां बैठकर हिस्सा हुआ।

इस दौरान अंधेरे में कुछ सिक्के और कुलप तोड़ने के दौरान निकली पीतल की किनार वहीं पड़ी रह गई। जिसे चोर जल्दबाजी में छोड़कर रफूचक्कर हो गए थे।

इधर छानबीन के दौरान जब पुलिस ने आसपास का क्षेत्र खंगाला ताे वहां एक बाड़े में यह सामग्री मिली थी। जब पूछतांछ की गई तो पता लगा कि वहां पड़ौसी ग्राम परासरी के मजदूर काम करने आते हैं।

जिनके बारे में खोजबीन की गई। साइबर सेल की मदद से आसपास के मोबाइल नंबरों की लोकेशन ली गई। जिसके बाद पुलिस का चोर तक पहुुंचना आसान हो सका।

इस घटना को लेकर कस्बावासियों सहित मंदिर के पंडा पुजारियों में नाराजगी थी। जिसे लेकर बाजार बंद चक्काजाम जैसे प्रदर्शन भी हुए। जिसके बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले का जल्दी खुलासा कर दिए जाने का आश्वासन दिया था। करीब 12 दिन बाद इस बड़ी चोरी के आरोपित पकड़े जा सके हैं। अभी भी एक आरोपित फरार बताया जाता है।

उनाव थाना प्रभारी भास्कर शर्मा ने बताया कि गत दो-तीन जनवरी की रात चोर मंदिर से लगे खेतों से होकर वहां घुस आए थे। जहां उन्होंने सरिए से मंदिर का ताला तोड़कर अंदर रखे दो किलो वजनी चांदी के कुलप सहित बाहर रखी दो छोटी दानपेटी से नगदी चोरी की थी। इस दौरान चोर करीब साढ़े तीन लाख का माल समेट ले गए थे।

इस मामले में कुछ लोगों को राउंडअप कर पूछतांछ भी की गई। वहीं साइबर सेल की मदद से आरोपितों तक पहुंचा जा सके। छानबीन में जो सुराग निकलकर सामने आए उससे पता चला कि आरोपित आकाश अहिरवार उर्फ छोटू पुत्र प्रकाश अहिरवार होमगार्ड कालोनी दतिया,लंबे समय से उनाव के निकट ग्राम परासरी में अपने मामा के यहां रहता था।

जिसने नारायण वंशकार पुत्र हरी वंशकार निवासी मेला ग्राउंड भांडेर व एक अन्य साथी के साथ मिलकर इस चोरी की घटना को अंजाम दिया था। घटना के दोनों आरोपित आकाश और नारायण पर जिले के थान क्षेत्रों में चोरी और अन्य वारदात कर चुके हैं। जहां उन पर केस दर्ज हैं।

दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए चांदी के कुलप के दो टुकड़े, एक पीतल का स्टैंड और नगदी 15 हजार 500 रुपये बरामद किए हैं। आरोपितों को न्यायालय में पेश कर जिला जेल भेज दिया गया है। वहीं फरार आरोपित की पुलिस तलाश कर रही है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter