सेवढ़ा के छोटे पुल पर ट्रैक्टर ट्राली गिरते-गिरते बची : चार घंटे फंसी रहने से लगा रहा जाम, दोपहर तक लोग हुए परेशान

Datia News : दतिया। सेवढ़ा के छोटे पुल पर रविवार को करीब चार घंटे तक यातायात थमा रहा। पुल के बीचो बीच सीमेंट की बोरियों से भरी एक ओवरलोड ट्रैक्टर ट्राली अचानक फंस गई। गनीमत रही कि ट्रैक्टर ट्राली का पहिया पुल के किनारे पर जाकर रुक गया। वरना बड़ा हादसा हो जाता है। सेवढ़ा लहार के लोगों को ग्वालियर मार्ग से जोड़ने का एक मात्र रास्ता बचे इस छोटे पुल पर भारी वाहनों के निकलने पर पाबंदी है। इसके लिए यहां दोनों ओर पुलिस बल भी तैनात रहता है।

इसके बावजूद भारी वाहन पुल पार करने की कोशिश करते हैं। जिसे लेकर हमेशा पुलिस पर लेनदेन के आरोप भी लगते रहते हैं। ऐसा ही रविवार को भी हुआ। जब पुल के दोनों वाहनों की लंबी कतार लग गई। जिसके बाद परेशाना वाहन चालकों ने पुलिस बल को आड़े हाथों लिया। उनका आरोप था कि मनाही के बावजूद इस सकरे छोटे पुल से बड़े वाहनों को निकलने की इजाजत किसने दी।

हादसा होते-होते बचा : रविवार सुबह एक ट्रैक्टर ओवरलोडेड ट्राली के साथ सेवढ़ा के छोटे पुल के बीच में फंस गया। जिसके कारण करीब चार घंटे पुल से यातायात बाधित रहा। इस दौरान स्थानीय लोगों का कहना था कि यह संबंधितों की लापरवाही है कि जिस पुल पर यात्री बसों की आवाजाही तब बंद है, उस पर लोडेड ट्रैक्टर ट्राली बेधड़क कैसे निकलकर जा रही थी। जिससे यह समस्या पैदा हुई।

जानकारी के अनुसार सुबह साढ़े आठ बजे ट्रैक्टर ट्राली पुल के बीचों बीच फंस गई है। ट्राली का एक पहिया तो पुल के सिरे से नीचे की तरफ बिल्कुल किनारे पर जाकर रूका। ट्रैक्टर में आई खराबी के कारण जैसे ही वह फंसा तो दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही रोक दी गई।

दूसरे ट्रैक्टर की मदद से खुला रास्ता : पुल पर आवाजाही रूकने के चंद मिनट बाद ही वाहनों की कतार दोनों ओर लग गई। जाम लगता देख चालक ट्रैक्टर छोड़ कर भाग गया। काफी देर बाद एक और ट्रैक्टर मंगाकर पुल पर फंसी ट्राली से सीमेंट की बोरी खाली करवाई गई।

दोपहर साढ़े बारह बजे तक दोनों ओर सैकड़ों की संख्या में वाहन एकत्रित हो गए। जाम में फंसे लोग इस लापरवाही पर नाराजगी जताते दिखे। उनका कहना था कि जिस पुल पर यात्री बसों की आवाजाही बंद है, वहां से इतना अधिक लोडेड ट्रैक्टर निकालने की अनुमति किसने दी। आमजन का आरोप था कि पुल के दोनों ओर तैनात रहने वाले पुलिस लाइन का बल आए दिन पैसे लेकर भारी वाहनों को निकलने देता है।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter