दतिया | स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर श्री रतन ऑटो फिलिंग स्टेशन में सामाजिक समरसता और श्रम सम्मान की अनूठी पहल देखने को मिली। पेट्रोल पंप पर कार्यरत सफाई कर्मचारियों से ध्वजारोहण करवाकर उन्हें सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से समाज में समानता, सम्मान और हर श्रम के महत्व का संदेश दिया गया।
राष्ट्रगान के साथ हुआ ध्वजारोहण : कार्यक्रम में सफाई कर्मचारियों ने तिरंगा फहराया, जिसके बाद राष्ट्रगान हुआ और उपस्थित लोगों ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इस दौरान कर्मचारियों का माल्यार्पण कर सम्मान किया गया तथा स्वच्छता और सेवा के क्षेत्र में उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
पेट्रोल पंप संचालक अमित अग्रवाल ने कहा कि “जिन हाथों ने स्वच्छता की जिम्मेदारी संभाली, उन्हीं हाथों ने तिरंगा लहराया।” उन्होंने कहा कि तिरंगा प्रत्येक भारतीय के गौरव, सम्मान और समान अधिकार का प्रतीक है। स्वच्छता और सेवा से जुड़े साथी समाज का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और उनका सम्मान करना सामाजिक समरसता की वास्तविक भावना को मजबूत करता है।
उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति के काम के आधार पर उसके सम्मान को छोटा-बड़ा नहीं किया जाना चाहिए। हर ईमानदार श्रम राष्ट्र निर्माण में योगदान देता है और समाज के प्रत्येक वर्ग को समान सम्मान मिलना चाहिए।

सामाजिक कार्यों में लगातार सक्रिय हैं अमित अग्रवाल : अमित लंबे समय से सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहते हुए शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, बाल कल्याण और जरूरतमंदों की सहायता जैसे विषयों पर लगातार कार्य करते आ रहे हैं। जरूरतमंद वर्गों के साथ खड़े होकर उनकी मदद करने के लिए वे समय-समय पर विभिन्न सामाजिक पहल करते रहे हैं। स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर उन्होंने मुक्तिधाम में व्यापक स्वच्छता अभियान में सहभागिता की थी। इस दौरान स्वच्छता को केवल व्यक्तिगत नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी बताते हुए लोगों को इसके प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया था।
सफाई कर्मचारियों के सम्मान से लेकर जरूरतमंदों की मदद तक : सामाजिक सरोकारों के तहत अमित अग्रवाल द्वारा समय-समय पर विभिन्न वर्गों के लिए पहल की जाती रही है। दीपावली के अवसर पर उन्होंने सफाई कर्मचारियों का सम्मान कर उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की थी।
वहीं पिछले वर्ष दतिया में भारी बारिश के चलते कई बस्तियों में बाढ़ जैसे हालात बनने पर उन्होंने राहत कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई। प्रभावित परिवारों के लिए आश्रय, भोजन और आवश्यक सामग्री की व्यवस्था कर उनकी मदद की गई।

जरूरतमंद बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाने की भी पहल : वंचित एवं जरूरतमंद बच्चों के लिए भी अमित अग्रवाल की ओर से अलग-अलग पहल की जाती रही हैं। बच्चों को मनोरंजन और सामान्य खुशियों से जोड़ने के उद्देश्य से उन्हें मॉल में फिल्म दिखाने जैसी गतिविधियों के माध्यम से उनके चेहरों पर मुस्कान लाने का प्रयास भी किया गया।
इसके अलावा वे प्रतिवर्ष निशुल्क नेत्र शिविर का आयोजन भी कराते हैं, जिसमें बड़ी संख्या में जरूरतमंद लोगों को लाभ मिलता है।
स्वतंत्रता दिवस पर दिया सामाजिक समरसता का संदेश : रतन ऑटो फिलिंग स्टेशन पर आयोजित स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम केवल ध्वजारोहण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसके माध्यम से सम्मान, समानता, सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में पेट्रोल पंप के स्टाफ ने भी सहभागिता की और देश की एकता, अखंडता एवं स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

