बेकाबू कंटेनर हाइवे से उतरकर थाना परिसर में जा घुसा : चालक सहित दो लोग घायल, इधर कुएं में उतराता मिला वृद्धा का शव

Datia news : दतिया। ग्वालियर झांसी हाइवे पर चिरुला थाना परिसर में एक बेकाबू कंटेनर घुस जाने से वहां हडकंप मच गया। गनीमत रही कि कंटेनर परिसर में ही जाकर रुक गया अन्यथा बड़ा हादसा घटित हो सकता था। जानकारी के अनुसार बैरियर के पास से गुजर रहा कंटेनर अचानक अनियंत्रित हो गया और कुछ दूरी पर बने थाना परिसर में जा घुसा। बताया जाता है कि कंटेनर का चालक शराब के नशे में था।

जिसके कारण उसका वाहन से संतुलन गड़बड़ा गया और कंटेनर बेकाबू होकर सड़क से उतरकर थाना परिसर तक पहुंच गया। इस हादसे में दो लोगाें के गंभीर घायल हो जाने की खबर है। कंटेनर चालक को भी चोटें आई हैं।

कुएं में उतराता मिला वृद्ध महिला का शव : सिविल लाइन थाना क्षेत्र में उनाव रोड पर गोले साहू की मिल के पास कुएं से एक वृद्ध महिला का शव बरामद हुआ। शव एक दो दिन पुराना बताया जा रहा है।

वहां बने कुएं में शव पड़ा होने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। जहां पानी में उतरा रहे शव को बाहर निकाला गया। पुलिस के मुताबिक मृतका रती पत्नी जगदीश कुशवाह निवासी रघुवंशनगर भांडेर कुछ दिन पूर्व निरावल में सिद्ध बाबा पर चल रही कथा को सुनने गई थी। इस दौरान वह लापता हो गई।

जिसकी गुमशुदगी उसके स्वजन द्वारा तीन दिन पहले दर्ज कराई गई थी। जिसका शव कुएं से बरामद हुआ है। शव को पीएम के लिए भेजा गया है।

Banner Ad

गृह क्लेश के चलते महिला ने खुद लगा ली आग : थाना भगुवापुरा अंतर्गत ग्राम अटरा में गृह क्लेश एवं बंटवारे को लेकर महिला अर्चना पत्नी ऋषिकेश शर्मा ने खुद को आग लगा ली। घटना के बाद घर में अफरतफरी मच गई।

महिला को गंभीर स्थिति में उपचार के लिए सिविल अस्पताल सेवढ़ा लाया गया। जहां उसकी नाजुक हालत देख ग्वालियर रेफर किया गया। ग्वालियर में इलाज के दौरान महिला ने दमतोड़दिया।

इधर सूचना मिलने पर मौके पर सेवढ़ा तहसीलदार सुनील वर्मा एवं भगुवापुरा थाना सोबरन सिंह तोमर भी पहुंचे। जहां उन्हाेंने इस बारे में जानकारी ली।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter