नई नवेली दुल्हन का चार दिन में उजड़ गया सिंदूर : हादसे में पति ने गंवाई जान, पूरे गांव में छाया मातम

Datia news : दतिया। चार दिन पहले ब्याह कर आई नई नवेली दुल्हन का क्या पता था कि उसका सिंदूर एक दर्दनाक हादसे में उजड़ जाएगा। घर से खुशी-खुशी निकला उसका पति फिर वापिस नहीं लौटा। जैसे ही उसके दुनिया छोड़ देने की खबर आई, पूरे गांव में मातम छा गया। जिस घर में कुछ दिन पहले शगुन की शहनाई बजी थी, वहां से रुदन की आवाजें आ रही थी।

दरअसल दतिया में सेवढ़ा चुंगी के पास हुए ट्रोला के सड़क हादसे में जान गंवाने वाले ग्राम रेंडा निवासी युवक राहुल पुत्र बुद्धप्रकाश रजक का पिछले सोमवार 25 दिसंबर को ही विवाह संपन्न हुआ था। घर में रिश्तेदारों का जमावड़ा था। सभी लोग शादी की खुशियों में डूबे थे। इसी बीच उसकी मौत खबर घर पहुंचते ही वहां कोहराम मच गया।

शुक्रवार 29 दिसंबर की सुबह राहुल अपने ताऊ रामकिशन पुत्र नारायण रजक के साथ बाइक पर सवार होकर दतिया की तरफ आ रहा था। इसी बीच सीएमएचओ कार्यालय के सामने सेवढ़ा चुंगी रोड पर वहां से गुजरे ट्रोला ने बाइक सवारों को अपनी चपेट में ले लिया।

ट्रोला के नीचे बाइक फंस जाने से दोनों सवार भी कुछ दूर तक घिसटते चले गए। इस हादसे में ताऊ भतीजे की जान चली गई। मृतक एक ही परिवार के सदस्य बताए जाते हैं।

ट्रोला में फंस जाने से नहीं बची जान : ट्रोला और बाइक की भिंडत इतनी जबरदस्त थी कि घटना के बाद बाइक सहित सवार, ट्रोले के साथ कुछ दूर तक घिसटते चले गए। जब आसपास के लोगों ने चिल्लाना शुरू किया तो ट्रोला रुका। लेकिन तब तक दोनों बाइक सवार दमतोड़ चुके थे।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची सिविल लाइन थाना पुलिस ने ट्रोला को जप्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों मृतकों की शिनाख्त के लिए भी पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी। घटना के काफी देर बाद मृतकाें की शिनाख्त हो सकी। पुलिस ने घटना के संबंध में मामला दर्ज कर जांच में लिया है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter