आधी रात को गोलियों की आवाज से गूंजा गांव : बाहर रखे वाहनों के उत्पातियों ने तोड़ दिए कांच, घर से खींचकर लोगों को पीटा

Datia News : दतिया । आपसी संघर्ष के दौरान करीब तीन दर्जन लोगों ने आधी रात को गांव के अहिरवार समाज के घरों पर हमला बोल दिया। इस दौरान गांव में बंदूकों से ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। गोलियों की गूंज सुन ग्रामीण दहशत में आ गए। हथियारों से लैस उत्पातियों ने इस दौरान घरों के दरवाजे तक तोड़ डाले और वहां के लोगों की जमकर मारपीट कर दी। इस घटना में 10 से 11 महिला पुरुष घायल हो गए। जिनमें से कुछ का अभी भी अस्पताल में उपचार चल रहा है। वहीं घटना के एक मुख्य आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार भी कर लिया है।

सिनावल थाना क्षेत्र के ग्राम रावरी में सोमवार-मंगलवार की रात्रि गांव में उस समय अफरा तफरी मच गई जब दो पक्षों के बीच द्वंद छिड़ गया। इस दौरान ग्राम रावरी में पाल समाज के लोग हथियारों से लैस होकर अहिरवार समाज के घरों में तोड़फोड़ करने लगे। पाल समाज के लोग लाठी डंडा, सरिया, बंदूक, कट्टा लेकर अहिरवार समाज के लोगों के घरों पर हमला करने पहुंचे थे।

इस घटना को लेकर फरियादी भगवान सिंह अहिरवार निवासी रावरी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिसमें आरोपित सोनू पाल, जहेंद्र पाल, राजू पाल, वीरेंद्र पाल, साहब सिंह, संतोष, अरविंद, प्रहलाद पाल, अनिल, प्रमोद पाल, धर्मेंद्र पाल एवं अन्य करीब 20-22 अज्ञात के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया।

इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपित सोनू पाल निवासी रावरी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उक्त आरोपी से घटना में शामिल अन्य आरोपितों के संबंध में पूछतांछ कर रही है।

पुलिस के मुताबिक गांव के अहिरवार और पाल समाज के बीच गुरु पूर्णिमा के दिन विवाद हुआ था। इससे नाराज होकर पाल समाज के लोगों ने सोमवार मंगलवार की रात अहिरवार समाज के लोगों के घरों पर हमला कर दिया। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।

अस्पताल में भर्ती घायल लोगों ने बताया कि पाल समाज के करीब 30 से 35 लोग हथियारों से लैस होकर आए थे। उन्होंने घरों के गेट से तोड़ फोड़ शुरू कर दी। उन्होंने 10 से 12 राउंड फायर भी किए थे।

 

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!