दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में अगले 24 घंटे में बदलेगा मौसम का मिजाज, पहाड़ों पर भी बारिश का अलर्ट

 नई दिल्ली : पूर्वी हवाएं चलने से दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए स्थितियां अनुकूल हो गई हैं। अगले 24 घंटे में इसके दिल्ली, हरियाणा, पश्चिम उत्तर प्रदेश और पंजाब समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में छा जाने की संभावना है।

मौसम विभाग ने शनिवार को कहा कि बंगाल की खाड़ी से निम्न स्तरीय पूर्वी हवाएं उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ी हैं जो दिल्ली, हरियाणा और पूर्वी राजस्थान पहुंच रही हैं।

इस क्षेत्र में निम्न स्तर की सापेक्ष आर्द्रता भी बढ़ गई है। विभाग के मुताबिक, बाद के 48 घंटों में मानसून के देश के शेष हिस्सों में भी पहुंच जाने के लिए स्थितियां अनुकूल हैं।

‘एएनआइ’ के मुताबिक, रविवार के लिए केरल के मलप्पुरम, कोझीकोड, वायनाड, कन्नूर व कासरगौड़ जिलों के लिए आरेंज अलर्ट (कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश) और पथानमथिट्टा, अलपुझा, कोट्टायम, एर्नाकुलम, इडुक्की, त्रिशूर व पलक्कड़ के लिए यलो अलर्ट (कहीं-कहीं भारी बारिश) जारी किया गया है। सोमवार के लिए कन्नूर व कासरगौड़ जिलों के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

‘आइएएनएस’ के मुताबिक, विभाग ने शनिवार के साथ-साथ रविवार के लिए भी तटीय कर्नाटक के लिए रेड अलर्ट (बहुत भारी बारिश), चार जिलों में आरेंज अलर्ट और 12 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है। 

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter