पति को मिली मुआवजे की रकम तो मायके से लौट आई पत्नी : रात में ही नगदी और जेबरात समेटकर भागी

Datia news : दतिया। अपने पति को छोड़कर मायके में रह रही पत्नी को जब पता चला कि उसकी ससुराल को मुआवजे की बड़ी रकम मिली है तो वह वापिस घर लौट आई।

पत्नी के घर आ जाने पर पति भी खुश था। उसे नहीं मालूम था कि पत्नी के मन में क्या है। ससुराल लौटने के बाद महिला ने कुछ दिन गुजारे और फिर एक रात मौका पाकर घर में रखी लाखों की नगदी और जेबरात समेटकर भाग निकली।

दतिया के उनाव क्षेत्र में आने वाले ग्राम लरायटा में रहने वाली महिला ने यह कारनामा कर दिखाया। पीड़ित पति अब उसकी तलाश में भटक रहा है और पुलिस से न्याय की गुहार लगा रहा है।

जानकारी के अनुसार रक्सा थाना क्षेत्र के ग्राम अमरपुर निवासी पुष्पेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी दिसंबर 2023 में दतिया जिले के लरायटा क्षेत्र की रहने वाली युवती से हुई थी।

विवाह के बाद लगभग डेढ़ वर्ष तक दंपती के बीच सब कुछ ठीक चलता रहा। इस बीच पुष्पेंद्र की कुछ जमीन बीडा में चली गई। जिसके बदले उसे मुआवजा राशि मिली।

इसी रकम से उसने अपनी पत्नी के लिए सोने-चांदी के जेबर बनवाए और कुछ रुपये घर में सुरक्षित रख दिए। इन रुपयों के बारे में पत्नी और उसके मायके पक्ष को पूरी जानकारी थी।

चार माह बाद मायके से लौटी थी महिला : करीब चार माह पहले उसकी पत्नी अचानक घर से मायके चली गई और फिर वापस नहीं लौटी। कई बार समझाने के बाद भी वह ससुराल नहीं आई।

पीड़ित के अनुसार करीब 15दिन पहले पत्नी ने अचानक फोन कर उसे मायके से ले जाने के लिए कहा। युवक पुष्पेंद्र अपनी ससुराल लरायटा जाकर पत्नी को वापिस घर ले आया।

लेकिन 13-14 नवंबर की रात जब घर में सब सो रहे थे, तभी उसकी पत्नी ने घर में रखे साढ़े तीन लाख रुपये नगदी और जेबरात समेटे और वहां से चली गई।

घर का सुबह खुला मिला दरवाजा : सुबह जब दरवाजा खुला मिला तो स्वजन को घटना का पता चला, इसे लेकर घर के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तो उसमें महिला तीन-चार अन्य लोगों के साथ स्कोर्पियो में जाते हुए नजर आई। हैरानी की बात यह रही कि पत्नी मायके भी नहीं पहुंची। पुष्पेन्द्र ने पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter