ऑटो का इंतजार कर रही महिला बनी ठगी का शिकार, दो युवक जेबरात लेकर हुए रफूचक्कर, पुलिस ढूंढती रही

Datia News : दतिया। मंगलवार को दो ठगों ने एक महिला को सरे बाजार ठगी का शिकार बना लिया। महिला भांडेर तिराहे पर जब आटो का इंतजार कर रही थी, तभी दोनों ठगों ने उसे भूत-भविष्य की बातों में उलझाकर उसके जेबर उतरवा लिए और लेकर चंपत हो गए।

ठगी का शिकार बनी महिला ने घटना के बाद इंदरगढ़ थाने पहुंचकर इस मामले में आवेदन देकर आरोपितों को पकड़ने की मांग की। पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर वहां पूछतांछ की। लेकिन ठगों का कहीं पता नहीं चल सका। इधर महिला भी जेबरात चले जाने से रोने लगी। जिसे शांत कर घर वापिस भेजा गया।

जानकारी के अनुसार ग्राम ररुआजीवन निवासी महिला फूलवती कुशवाह पत्नि ब्रजकिशोर कुशवाह भांडेर तिराहे इंदरगढ़ पऱ घर जाने के लिए आटो का इंतज़ार कर रही थी। तभी 2 युवक उसके पास आए एवं उसे भूत-भविष्यकाल के बारे में बताने लगे।

बातों ही बातों में युवकों ने महिला से उसके कान, गले के ज़ेवर उतारने एवं थैले में रखने को बोला। ठगों की बातों में उलझकर महिला ने भी उनकी बात मान ली और सारे जेबर उतारकर थैले में रखकर उन्हें दे दिए।

जिसके बाद ठग जेबरात लेकर रफूचक्कर हो गए। जब महिला को कुछ समझ आया तो वह घबरा गई और इस बात को लेकर उसने शोर शराबा मचाया। महिला की बात सुनकर उसे लोगों ने थाने पहुंचाया। जहां उसने पुलिस को शिकायती आवेदन सौंपा है।

पुलिस ढूंढती रही ठगों को

इस घटना के बाद बाजार में भी भीड़ जमा हो गई। लोग ठगों के बारे में जानकारी लेते रहे। वहीं महिला की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। मौके पर ठगों का हुलिया और अन्य पहचान के बारे में जानकारी जुटाई गई।

काफी तलाश के बाद भी ठगों का पता नहीं लग सका। वहीं महिला और आसपास के लोगों ने जो हुलिया बताया उसके आधार पर पुलिस ठगों की तलाश करने में जुट गई।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter