Datia news : दतिया। बाइक को लेकर हुए विवाद में कुछ लोगों ने एक ग्रामीण युवक को कट्टे से गोली मार दी। गोली युवक के पैर में जा लगी। घटना के बाद बदमाश बाइक पर सवार होकर भाग निकले।
घायल युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के संबंध में गोंदन पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार गाेंदन थाना क्षेत्र के ग्राम खिरिया फैजुल्ला निवासी युवक रणवीर सिंह पुत्र वीरसिंह ने पुलिस को बताया कि जब वह गांव से इंदरगढ़ की तरफ जा रहा था।
तभी बाइक पर सवार होकर आए आरोपित जितेंद्र यादव ने अपने दो अज्ञात साथियों के साथ उसे घेर लिया। इस दौरान बाइक को लेकर उक्त लोगों का रणवीर से विवाद हुआ। जिसके बाद जितेंद्र से कट्टे से रणवीर पर गोली चला दी। जो उसके पैर में जा लगी। घायल युवक के गिरते ही बदमाश भाग निकले।
पीड़ित के मुताबिक कुछ दिन पूर्व आरोपित जितेंद्र उसके घर से कागजात ले गया था। जिस पर उसने चोरी छिपे दो वर्ष पहले बाइक उठाई थी। इस बात का पता जब रणवीर को लगा तो उसने ऐतराज उठाया।
इसे लेकर उनके बीच विवाद भी हुआ था। तभी से जितेंद्र रंजिश मानने लगा। रणवीर जब अकेला मिला तो उसने इंदरगढ़ रोड पर उसे घेर लिया और आपसी कहासुनी बढ़ने पर गुस्से में आकर कट्टे से गोली मार दी।
घायल करता है बैल्डिंग का काम : घायल रणवीर ने बताया कि वह इंदरगढ़ में बैल्डिंग आदि का काम करता है। वह काम के लिए लगातार इंदरगढ़ आता जाता है।अपने गांव से गुरुवार दस बजे इंदरगढ़ जा रहा था।
तभी जितेंद्र का उससे आमना सामना हो गया। जहां रणवीर ने उसके कागजात पर बाइक उठाने पर फिर आपत्ति जताई तो जितेंद्र भड़क गया और उसने कट्टा निकालकर उस पर फायर कर दिया।


