सैलून पर आए युवक की गोली मारकर हत्या : नकाबपोश हमलावरों ने दिया घटना को अंजाम, तीन आरोपित पहचान में आए

Datia news : दतिया। जिले में आठ घंटे के अंदर दो हत्याओं के मामलों ने दिन भर पुलिस को चकरघिन्नी रखा। रविवार दोपहर भांडेर में लहार रोड शंकर जी मंदिर के पास सैलून की दुकान के बाहर दिनदहाड़े  नकाबपोश हमलावरों ने ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी।

हत्या कर आरोपित मौके से फरार हो गए। मृतक का नाम आशिक यादव पुत्र प्रमोद निवासी पथर्रा नारायण बताया गया है। मृतक तीन भाई-बहिनों में सबसे छोटा था।

जानकारी के अनुसार गांव में रविवार सुबह मृतक का कुछ लोगों से झगड़ा हुआ था। इस घटना को लेकर एसडीओपी भांडेर कर्णिक श्रीवास्तव ने बताया कि तीन युवकों की पहचान सामने आई है। उन्हें पकड़ने पुलिस दलों को रवाना कर दिया गया है।

इस मामले के प्रत्यक्षदर्शी हरीबाबू तिवारी निवासी अकबरपुर भांडेर ने घटना के बाद आशिक यादव को बैटरी चलित रिक्शे से भांडेर अस्पताल पहुंचाया। जहां डाक्टरी परीक्षण उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया गया। एसडीओपी श्रीवास्तव भी घटनास्थल पर पहुंचे और मौके का मुआयना किया। घटना साढ़े तीन चार बजे के बीच बताई जाती है।

सीने के ऊपर मारी गोली : प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लहार रोड शंकर जी मंदिर के पास वीरेंद्र सविता निवासी पथर्रानारायण की सैलून की दुकान है। अधिकांश गांव के लोग यहीं सेविंग-कटिंग कराते हैं। बताया जाता है कि आशिक भी यहां कटिंग-सेविंग के लिए मौजूद था।

तभी कुछ युवक आए और उनमें से एक युवक ने दुकान के बाहर आशिक को नजदीक से सीने के ऊपर कट्टे से गोली मार दी। बताया जाता है कि गोली लगते ही आशिक ने मौके पर दम तोड़ दिया। हमलावर युवक टीवी टावर रोड की तरफ तेजी से भाग गए।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter