दतिया स्टेशन पर पानी लेने उतरा युवक ट्रेन में चढ़ते समय फिसला, पंजाब मेल से कटा, मां को साथ लेकर जा रहा था फिरोजपुर

Datia News : दतिया । दतिया रेल्वे स्टेशन पर पानी लेने के लिए उतरा युवक वापिस ट्रेन में चढ़ते समय हाथ छूट जाने से फिसलकर पटरियों पर आ गिरा और ट्रेन की चपेट में आ गया।

युवक के गिरने पर अन्य यात्रियों ने गाड़ी की चेन खींचकर उसे रोकने का प्रयास भी किया लेकिन तब तक युवक गंभीर रूप से घायल हो चुका था। जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया जहां उसने दमतोड़ दिया।

जीआरपी से मिली जानकारी के अनुसार मुंबई के उल्लासनगर में नौकरी करने वाले युवक प्रदीप सिंह पुत्र स्व.बलवीर सिंह निवासी फिरोजपुर (33) दतिया स्टेशन पर पंजाब मेल के रुकने पर पानी लेने के लिए उतरा था।

इसी दौरान ट्रेन चल दी और हड़बड़ी में वह दौड़कर ट्रेन पकड़ने के लिए डिब्बे में चढ़ा, तभी ट्रेन के डिब्बे के स्टैंड से उसका हाथ फिसला और वह पटरियों के बीच जाकर गिर गया।

इस दौरान ट्रेन चल रही थी जिससे उसके शरीर के कई अंग कट गए। उसी समय लोगों ने ट्रेन की चेन खींच दी। उक्त घायल युवक को तुरंत 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया।

जिला अस्पताल के गेट पर ही युवक ने दम तोड़ दिया। बताया जाता है कि मृत युवक अपनी मां को लेकर लेकर मुंबई से फिरोजपुर जा रहा था। इस दुर्घटना में बेटे की मौत के बाद मृतक की मां भी अचेत हो गई और वह कुछ भी बोल पाने की स्थिति में नहीं दिखी।

जिला अस्पताल के डॉक्टर उनका इलाज कर रहे हैं। जीआरपी पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है। फिरोजपुर में उसके स्वजनों को भी घटना के बारे में सूचित कर दिया गया है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter