रामगढ़ माता मंदिर में दूसरी बार चोरी, दानपेटी खेत में पड़ी मिली, पुजारी पर उठी शंका की सुई, ज्ञापन सौंपा

Datia News : दतिया। भांडेर अनुभाग के रामगढ़ में स्थित काली माता मंदिर में शनिवार-रविवार रात अज्ञात चोर मंदिर की दान पेटी चोरी कर ले गए। घटना को अंजाम देने वाले अज्ञात चोरों ने मंदिर के ताले तोड़े वहां रखी दानपेटी को उठाकर मंदिर से लगभग 50 कदमों की दूरी पर स्थित खेत में ले गए। जहां उसका ताला तोड़ा और नोट समेट ले गए। जबकि दानपेटी में डली चिल्लर को चोर वहीं पेटी में पड़ा छोड़ गए।

घटना की जानकारी मिलने के बाद एसडीओपी मोहित कुमार यादव, तहसीलदार सूर्यकांत त्रिपाठी एवं थाना प्रभारी विजय लोधी मंदिर पहुंचे और मामले की जांच की। इधर नगरवासियों ने चोरी की घटना को लेकर मंदिर के पुजारी पर ही उंगली उठाते हुए उस पर मामला दर्ज किए जाने की मांग ज्ञापन सौंपकर की है।

इससे पहले भी मंदिर से दानपेटी चोरी हुई थी। एक वर्ष के अंतराल में मंदिर में लगातार हुई चोरी घटनाओं के बावजूद मंदिर प्रबंधन कमेटी ने मंदिर की सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर कोई गंभीर रुख नहीं अपनाया। वर्तमान में मंदिर सेवा के लिए नियुक्त पुजारी सियाशरण शर्मा की संदिग्ध गतिविधियों को लेकर भी वर्षों से लोग ज्ञापन आदि देकर उसे हटाने की मांग करते आ रहे हैं। जिस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई।

नगरवासियों ने दिया ज्ञापन

चोरी की घटना के चलते नगर के कुछ लोगों द्वारा मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार सूर्यकांत त्रिपाठी को तहसील पहुंचकर पुजारी सियाशरण शर्मा तथा इनके सहयोगियों के विरुद्ध दानपेटी चोरी के अलावा पूर्व में हुईं चोरियों और नरबलि का मामला दर्ज कर गिरफ्तार करने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा गया। साथ ही चेतावनी भी दी कि यदि आगामी तीन दिनों में ऐसा नहीं किया जाता है तो धार्मिक हिन्दू संगठनों, जन सामान्यों एवं धर्म प्रेमियों द्वारा वृहद स्तर पर आंदोलन कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। ज्ञापन देने वालों में हरिओम त्रिपाठी, रामजीवन छोटे राय, रामगढ़ मंदिर कमेटी सदस्य रमन झारखड़िया, रविन्द्र सत्यार्थी, ऋषि नामदेव, भुवनेश पाराशर आदि शामिल रहे।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter