फिर बजा सायरन और सफाई में जुट गया शहर, चौथे सुपर क्लीन संडे पर रैली निकालकर दिया जागरुकता संदेश

Datia News : दतिया। स्वच्छता सर्वेक्षण के दौरान प्रति रविवार को आयोजित किए जा रहे सुपर क्लीन संडे कार्यक्रम के तहत रविवार को फिर से सायरन बजा और शहर के लोग साफ सफाई में जुटे। इस दौरान स्वच्छता जागरुकता रैली का भी आयोजन किया गया।

जिला मुख्यालय दतिया में सुबह 10 बजे किला चौक पर आयोजित कार्यक्रम में सायरन के बजने के साथ ही दतिया नगर में एक साथ साफ-सफाई का कार्य शुरू हो गया।

कार्यक्रम में कलेक्टर संजय कुमार, भाजपा नेता विवेक मिश्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कमलेश भार्गव, जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी एवं कर्मचारीगण तथा दुकानदार भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर संजय कुमार ने कहाकि गृहमंत्री डा.नरोत्तम मिश्रा की पहल पर प्रति रविवार को सुपर क्लीन संडे का कार्यक्रम शुरू किया गया है। इन कार्यक्रमों में गृहमंत्री ने लगातार शामिल होकर नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक कर सफाई कर्मियों की हौंसला अफजाई की।

कलेक्टर ने कहा कि स्वच्छता वास्तव में मानव जीवन में गौरव बढ़ाती है। यह एक सामाजिक सरोकार का भी विषय है। यह कार्यक्रम सभी वर्गोें का है।

कार्यक्रम में डा.विवेक मिश्रा ने कहा कि हम सभी को स्वच्छता के क्षेत्र में भी दतिया को प्रदेश में नंबर बन बनाना है। इसके लिए हमें स्वच्छता के प्रति अपनी सोच में भी बदलाव लाना होगा।

रैली निकालकर दिया जागरुकता का संदेश

सुपर क्लीन संडे के तहत रविवार को नगर के ह्रदय स्थल किला चाैक से स्वच्छता जागरुकता रैली का भी आयोजन किया गया। यह रैली टाउनहाल, मुडियन का कुआं, खलकापुरा वार्ड क्रमांक 29 में जाकर समाप्त हुई।

स्वच्छता जागरूकता रैली में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी, दुकानदार एवं जनसामान्य भी उपिस्थत रहे। कार्यक्रम में योगेश सक्सेना, प्रशांत ढेगुला, समाजसेवी डाॅ.राजू त्यागी, अतूल भूरे चौधरी, जाॅली शुक्ला, अली जैदी, आकाश भार्गव आदि शामिल रहे।

सुपर क्लीन संडे का था यह चौथा आयोजन

सुपर क्लीन संडे का यह चौथा आयोजन था। जिसमें इस बार भी आमजन के साथ कर्मचारी व समाजसेवी संगठन भी साफ सफाई के लिए जुटे। शहर के कई मोहल्लों में भी सफाई कार्य किया गया।

सरकारी कार्यालयों व सार्वजनिक स्थलों पर जमा कचरे के ढेर उठाए गए। चौथा सुपर क्लीन संडे पर भी कचरे की मात्रा में कमी नहीं दिखी। इस दिन भी कई स्थानों से टिपर वाहन भरकर कचरा निकला।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!