New Delhi News : नईदिल्ली । हिमाचल प्रदेश के चुनाव नजदीक आते ही राज्य में राजनैतिक सरगर्मियां तेज हो गई। प्राकृतिक सुंदरता से घिरे इस राज्य में तीसरे विकल्प के रुप में आम आदमी पार्टी ने भी मैदान में ताल ठोक दी। जिसे लेकर राजनीतिज्ञ बयानबाजी भी शुरू हो गई। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर आम आदमी पार्टी का राज्य में किसी तरह का वजूद होने को लेकर इंकार कर रहे हैं।
उनका मानना है कि चुनाव सिर्फ भाजपा और कांग्रेस के बीच ही होगा। जिसमें सिर्फ उनकी पार्टी भाजपा को ही जीत मिलने वाली है। हिमाचल प्रदेश के सीएम ने यह भी दावा किया कि राज्य के लोग अाम आदमी पार्टी को कतई तबज्जो नहीं देने वाले।
राजधानी स्थित हिमाचल भवन में नवनिर्मित मीडिया केंद्र का उद्घाटन करने पहुंचे सीएम ठाकुर ने मीडिया के सवालों का जबाब देते हुए कहाकि भारतीय जनता पार्टी के लिए पहली चुनौती कांग्रेस है और वहां आम आदमी पार्टी (आप) की कोई ताकत नहीं है।

सीएम ठाकुर ने कहाकि हिमाचल प्रदेश के मतदाताओं ने तीसरे विकल्प को कभी स्वीकार ही नहीं किया। इसलिए मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच होगा और जीत भाजपा की होगी।
उन्होंने कहा हिमाचल प्रदेश एक शांतिप्रिय राज्य रहा है। आम आदमी पार्टी जिस प्रकार की राजनीति करती है, राज्य की जनता उसे कभी स्वीकार नहीं करेगी। हिमाचल राज्य ने तीसरे विकल्प को हमेशा खारिज किया है।
प्रदेश के मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड में लागू किए समान नागरिक संहिता को हिमाचल में भी लागू किए जाने के सवाल पर कहाकि यह एक अच्छी पहल है।
इसे हिमाचल राज्य में कैसे लागू किया जा सकता है, इस पर अध्ययन किया जाएगा। उसके बाद ही इस मामले में कोई निर्णय लिया जा सकता है।