कोरोना के 16 नए संक्रमित से मचा हडकंप, अफ्रीका से लौटी महिला की रिपोर्ट में नहीं निकले ओमीक्रोन के लक्षण

Datia News : दतिया। कोरोना के हर रोज मरीज बढ़ते ही जा रहे हैं। शुक्रवार को एक साथ 16 संक्रमित मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 905 लोगों की जांच में  से 16 पाजिटिव निकले। जिन्हें मिलाकर अब कुल संख्या 43 हो गई है। शुक्रवार को जो संक्रमित मिले हैं उनमें एक बिहार का मजदूर व एक निवाड़ी का निवासी भी है। जो शनिचरा मोहल्ले में रहता था। जिसकी बस स्टैंड पर हुई जांच में पाजिटिव निकला।

वहीं ग्राम बागपुरा से भी तीन लोग संक्रमित मिले हैं। दतिया व लरायटा से भी संक्रमित मरीज निकले हैं। अधिकांश मरीजों को होम आइसोलेट करा दिया गया है। जबकि 6 मरीज अस्पताल में भर्ती है। गुरुवार से कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ने लगी है।

वहीं अफ्रीका से सेवढ़ा आने महिला की जांच के लिए दिल्ली भेजी गई रिपोर्ट में ओमीक्रोन वेरिएंट नहीं निकला है। महिला की रिपोर्ट में डेल्टा वायरस के लक्षण बताए गए है। ओमीक्रोन न मिलने की खबर राहत भरी है।

लेकिन इसके बाद भी हर रोज कोरोना संक्रमितों की बढ़ती जा रही संख्या चिंता का कारण है। जिसे लेकर अभी भी सावधानी नजर नहीं आ रही है। लोग बेखौफ बाजार में बिना मास्क घूम रहे हैं।

भले ही कुछ स्थानों पर प्रशासनिक अधिकारी कर्मचारी रोको टोको अभियान चला रहे हैं। लेकिन अभी भी इस दिशा में सख्ती जरुरी है। वहीं बाहर से आने वाले लोगों से संक्रमण की गति बढ़ने की बात भी कही जा रही है।

बस स्टैंड व रेल्वे स्टेशन पर बाहर से आने जाने वाले यात्रियों की जांच की जा रही है। वहीं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी जांच दल तैनात किया गया है।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter