सरपंची के रौब में गांव में मचाया उत्पात : जमकर चले लाठी डंडे, गोलीबारी में मां की गई जान बेटी घायल

Datia news : दतिया। सरपंची के रौब में एक युवक ने शराब के नशे में गांव के व्यक्ति की जूते से मारपीट कर दी। जब यह बात मारपीट के शिकार हुए युवक के भाई को पता लगी तो उसने सरपंच परिवार को जमकर गालियां दीं। मामला गरमाया तो ग्रामीणों ने उसे समझा बुझाकर शांत किया। लेकिन इस बात पर सरपंच पति भड़क गया और वह अपने परिवार के लोगों साथ ग्रामीण के घर पहुंच गया। जहां दोनों यादव पक्षों में जमकर लाठियां चली।

इस बीच हुई फायरिंग में एक महिला की जान चली गई। वहीं उसकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। मामला जिगना थाना क्षेत्र के ग्राम बनवास का है। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी वीरेंद्र कुमार मिश्रा तत्काल गांव पहुंचे। जहां उन्होंने घटना के बारे में ग्रामीणों से पूछतांछ की तथा आरोपितों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

आरोपितों की गिरफ्तार के लिए एसडीओपी बड़ौनी विनायक शुक्ला के नेतृत्व में एसआईटी भी गठित कर दी गई है। साथ ही फरार आरोपितों पर दस-दस हजार का इनाम घोषित किया गया है। इस बीच पुलिस ने उक्त मामले के एक आरोपित संदीप यादव को भी गिरफ्तार कर लिया है।

रात के समय गांव में मचा हंगामा : जानकारी के अनुसार ग्राम वनवास निवासी रतिराम यादव का शराब पीने के दौरान घटना से एक दिन पूर्व शुक्रवार शाम गांव के सरपंच पति अरविंद यादव के भाई रविंद्र से विवाद हो गया था। मौके पर मौजूद लोगों ने उस समय तो दोनों को शांत करा दिया।

लेकिन गुस्से में भरे बैठे रविंद्र ने यह सारी बात अपने भाई सरपंच अरविंद को बताई। जिस पर वह भड़क गया। इस मामले में गांव में पंचायत बैठाने की भी बात हुई।

लेकिन इससे पहले ही सरपंच पति अरविंद यादव अपने साथ अन्य लोगों को लेकर शनिवार रात रतिराम के घर पहुंच गया। जहां विवाद के दौरान दोनों पक्षों के लोग आमने सामने आ गए। इस बीच लाठी डंडे भी चले।

सरपंच सहित 13 पर मामला दर्ज : विवाद इतना बढ़ा कि एक पक्ष ने फायरिंग कर दी। फायरिंग के दौरान गोली रतिराम की भाभी अहिल्या के सीने में जा लगी। जिस कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक गोली उसकी बेटी प्रियंका के हाथ में भी लगी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

इस मामले में पुलिस ने अरविंद यादव, रविंद्र यादव, प्रदीप यादव, कमलेश यादव, संदीप यादव, शिवसिंह यादव, महेंद्र यादव, अशोक यादव, दीपक यादव, पंकज यादव, शंकर यादव, विवेक यादव और गोविंद यादव पर हत्या एवं हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter