दुल्हन आगमन पर मच गया कोहराम : हर्ष फायरिंग से दो मासूम हुए लहुलुहान, झांसी ग्वालियर अस्पतालों में भर्ती

Datia news : दतिया। खुशी के बीच में हथियारों का उपयोग अक्सर मातम का कारण भी बन जाता है। यह जानते हुए भी लोग अपना रौब झाड़ने के लिए गोलियां दागने से बाज नहीं आते।

ऐसा ही वाक्या भांडेर के ग्राम चंद्रोल में सामने आया। जब बारात की वापिसी के समय दुल्हन आगमन के दौरान बारात में शामिल एक युवक ने अपनी बंदूक से हर्ष फायरिंग कर दी।

इस दौरान निकले छर्रे वहां मौजूद दो छोटे बच्चों को जा लगे। देखते ही देखते पूरा माहौल चीख पुकार में तब्दील हो गया। घर के लोग घायल बच्चों को लेकर अस्पताल दौड़े। जहां से उन्हें झांसी और ग्वालियर रेफर कर दिया गया। वहां  गुरुवार को दोनों बच्चों के आपरेशन होंगे।

Banner Ad

जानकारी के अनुसार भांडेर थाना क्षेत्र के ग्राम चंद्रोल निवासी गब्बर सिंह यादव के बेटे पिल्लू की शादी के दौरान बारात वापस घर लौटकर आ रही थी। जिसमें सभी लोग डांस कर रहे थे। जैसे ही बारात बल्लू पाल के मकान के पास पहुंची तो आरोपित रंजीत सिंह यादव निवासी शुक्लहारी भांडेर ने 12 बोर बंदूक से हर्ष फायर कर दिया।

बंदूक की गोली के छर्रे वहां खड़े 13 वर्षीय किशोर अंशमान पुत्र साकेत यादव एवं दस वर्षीय कुणाल पुत्र शैलेंद्र यादव निवासीगण चंद्रोल को जा लगे। जिससे अंशमान के बाएं पैर की पिंडली, बाएं हाथ के पंजे पर अंगूठे के पास व कुनाल दाहिने पैर की जांघ, दाहिने तरफ पेट में छर्रे लगने से दोनों किशोर गंभीर रुप से घायल हो गए।

स्वजन दोनों घायल किशोरों को लेकर भांडेर अस्पताल पहुंचे जहां से उन्हें रेफर कर दिया गया। घायल अंशमान को मेडीकल कालेज झांसी में भर्ती कराया गया। जबकि कुणाल को सहारा होस्पिटल ग्वालियर भेजा गया। इसकी किडनी के पास छर्रा लगा है।

घटना के संबंध में घायल किशोरों के दादा गिरवर सिंह पुत्र गोविंद सिंह यादव ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं घटना के बाद से ही आरोपित रंजीत सिंह यादव फरार है। जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter