Datia news : दतिया। एक चोर ने ऐसी हाथ की सफाई दिखाई कि घर के लोग भी सकते में आ गए। घटना से पहले चोर ने घर के मालिक के साथ बैठकर शराब पी, उसके बाद जब घर के मालिक नशे की हालत में दिखा तो वह उसके घर में घुस गया और वहां रखी नगदी चोरी कर भाग निकला।
ग्राम पंचायत अहरौनी में दिनदहाड़े हुई चोरी की वारदात ने पूरे गांव में दहशत फैला दी है। चोर घर में रखे 70 हजार रुपये ले गए। जबकि घटना के समय घर के लोग पास ही मौजूद थे।
सूचना मिलते ही गोंदन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार ग्राम अहरौनी निवासी अमर सिंह जाटव की पत्नी गुड्डी की कुछ महीने पहले बरसात के दौरान सर्पदंश से मौत हो गई थी।
शासन की संबल योजना के तहत अमर सिंह को चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता मिली थी, जिसे वह दो दिन पहले ही बैंक से निकालकर घर लाया था।
इस राशि में से अधिकांश पैसे खर्च हो चुके थे और केवल 70 हजार रुपये घर में एक बैग में रखे हुए थे। बताया जा रहा है कि अमर सिंह जाटव के घर पर अक्सर प्रदीप पचौरी और अजय वंशकार आकर शराब पीते थे।
घटना वाले दिन भी सुबह तीनों घर से कुछ दूरी पर बैठकर शराब पी रहे थे। पीड़ित का आरोप है कि इसी दौरान अचानक प्रदीप पचौरी वहां से उठकर चला गया और सीधे अमर सिंह के घर पहुंचकर बैग में रखे 70 हजार रुपये लेकर सिकरी की ओर भाग गया।
पुलिस अब तलाश में जुटी : कुछ समय बाद जब अमर सिंह घर लौटा तो उसे पैसे गायब मिले। उसने तुरंत 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी और बाद में गोदन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आसपास के लोगों से पूछताछ की और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
ग्रामीणों का कहना है कि प्रदीप पचौरी पहले भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। बताया जा रहा है कि उसने पूर्व में ग्राम पंचायत भलका से मारकंडेश्वर भगवान के मंदिर से मुकुट चोरी किया था, जिसकी चर्चा उस समय भी काफी हुई थी। इसी कारण गांव के लोग इस चोरी के पीछे भी उसी का हाथ मान रहे हैं।


