किसान के घर का ताला चटकाकर चोर ले उड़े नगदी जेबरात : पड़ौसियों ने दी घटना की खबर, इधर बाइक की भिडंत में एक की मौत

Datia news : दतिया। अज्ञात चोरों ने एक किसान के घर का ताला चटका दिया। इस दौरान चोर सूने घर से नगदी और जेबरात समेट ले गए। किसान का परिवार गांव गया था। इस बीच चोरों ने घर पर धावा बोलकर घटना को अंजाम दे डाला। भांडेर नगर में वार्ड सात सागरताल मार्ग विधायक कालोनी में निवासरत श्रीराम दोहरे पुत्र भागीरथ के सूने मकान में शुक्रवार-शनिवार रात दरम्यान चोरों ने धावा बोलकर बक्से में रखी नगदी साढ़े चार हजार रुपये तथा एक-एक जोड़ी चांदी की पायल-बिछिया की चोरी कर ली।

चोरी की घटना की जानकारी पड़ोसियों से मिली। चोरी के संबंध में श्रीराम ने भांडेर पुलिस को आवेदन दे दिया है। घटना के बारे में श्रीराम के पुत्र अरविंद ने बताया कि दो दिन पहले ही उनके बच्चों की परीक्षा संपन्न हुई थी।

उसके बाद वह सब खेती का काम देखने अपने गांव तिगराखिरिया चले गए। जब शनिवार सुबह पड़ोसियों से पता चला तो आकर देखा कि घर के दरवाजे कुंदा कटा है और ताला गायब था।

अंदर जाकर देखा तो बक्सा खुला मिला और सामान बिखरा हुआ था। सामान देखने पर पता चला कि रुपये और पायल-बिछिया चोर समेट ले गए। बाकी सामान सुरक्षित था। चोरी की सूचना पर पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर मामले की पड़ताल की।

दो बाइकों की भिडंत में एक की मौत :  शनिवार देर शाम दो बाइकों की आमने सामने की भिड़ंत में एक सवार की मौके पर मौत हो गई। जबकि दूसरा घायल हो गया। हादसा दुरसड़ा थाना क्षेत्र का बताया जाता है। जानकारी के अनुसार दो बाइक सवार विपरीत दिशा से आ रहे थे।

इसी दौरान भांडेर रोड पर दोनों बाइकों में भिडंत हो गई। भिडंत इतनी जोरदार थी कि घटना में एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरा घायल बताया जाता है। फिलहाल पुलिस मृतक व घायल के बारे में जानकारी जुटा रही है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter