सूने मकान पर चोरों का धावा : नकदी और जेवरात समेट ले गए बदमाश, लाखों की चोरी से इलाके में सनसनी

दतिया। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मम्माजू के बाग इलाके में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए नकदी और सोने-चांदी के आभूषणों सहित लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। घटना उस समय हुई जब मकान मालिक परिवार सहित शहर से बाहर गया हुआ था। वारदात की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

पड़ोसियों ने दी ताला टूटने की सूचना : जानकारी के अनुसार मकान मालिक आनंद यादव नौकरी के सिलसिले में परिवार के साथ बाहर गए हुए थे। इसी दौरान उनका घर कई घंटों तक बंद रहा। सोमवार शाम पड़ोसियों ने मकान के मुख्य गेट का ताला टूटा देखा और इसकी सूचना उन्हें फोन पर दी। सूचना मिलते ही परिवार दतिया के लिए रवाना हुआ।

नकदी और जेवरात गायब मिले : घर पहुंचकर जब स्वजन ने अंदर की स्थिति देखी तो कमरों का सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी और अन्य स्थानों की तलाशी लेने पर पता चला कि बदमाश नकदी के साथ सोने-चांदी के आभूषण भी ले गए हैं। प्रारंभिक आकलन में चोरी गए सामान की कीमत चार लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।

क्षेत्र में बढ़ी चिंता, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल :  घटना के बाद इलाके के लोगों में चिंता का माहौल है। स्थानीय रहवासियों का कहना है कि बंद मकानों को निशाना बनाने की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ी है। लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस :  सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जुटाई जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की तलाश की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter