दतिया। भांडेर में रविवार-सोमवार की दरम्यान रात चोरों ने सेंधमारी कर दो दुकानों में चोरी की घटना को अंजाम दिया। इस दौरान चोरों ने दुकान के एक हिस्से में सेंध लगाकर प्रवेश किया और दुकानों में रखे कीमती सामान को समेट कर ले गए एक ही रात में दो दुकानों में हुई चोरी की वारदात के बाद आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है वही नगर के मुख्य बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरे भी खराब होने के कारण चोरों का पता लग पाना काफी मुश्किल भरा होगा इधर चोरी की वारदात को लेकर लोग स्मेक का नशा करने वालों पर संदेह जता रहे हैं ।
रविवार-सोमवार की रात नगर के पटेल चौराहे के पास स्कूल के सामने स्थित किराने की तीन दुकानों में से दो दुकानों पर अज्ञात चोरों ने सेंधमारी कर नगदी और सामान पर हाथ साफ कर दिया। इन दुकानों का संचालन अरविंद साहू और संतोष गुप्ता करते हैं। चोरी की जानकारी सबसे पहले अरविंद साहू को तब लगी जब सुबह सात बजे वे दुकान खोलने पहुंचे और दुकान का सामान अस्त-व्यस्त मिला। उन्होंने इसकी जानकारी हंड्रेड डायल पुलिस को दी। इस दौरान उन्होंने देखा कि उनकी दुकान से ही संेध लगाकर बगल में बनी संतोष गुप्ता की दुकान में भी चोरों ने हाथ साफ किया है। सेंधमारी की खबर अरविंद ने अपने पडौसी दुकानदार संतोष गुप्ता को मोबाइल पर देकर मौके पर बुला लिया।
निर्माणाधीन दुकान के रास्ते सेंध लगाई चोरों ने
दरअसल अरविंद साहू की दुकान की दूसरी ओर महेश पाराशर नामक दुकानदार द्वारा अपनी दुकान का निर्माण कराया जा रहा है। देर रात इसी निर्माणाधीन दुकान के कोने से सबसे पहले अरविंद साहू की दुकान और फिर संतोष गुप्ता की दुकान में सेंधमारी कर चोर घुस गए। चोर अरविंद साहू की दुकान से दो हजार रुपये नगद, राजश्री की एक झाल, बीड़ी बिंडल के पुड़े बांध ले गए वहीं संतोष की दुकान से भी लगभग दो हजार रुपये की नगदी और बीड़ी बिंडल के पुड़े पार कर ले गए। वहीं नगर के हनुमंतपुरा मोहल्ले में भी रविवार सोमवार की रात्रि में संतोष सेन के घर में चोर चोरी की नियत से घुसा। लेकिन आहट सुनकर घर के लोग जाग जाने से चोर भाग निकला। तीन दिन पहले इसी मोहल्ले में निवासरत जानकीबाई अहिरवार के घर में भी एक चोर घुस आया था, जिसे लोगों ने पकड़ लिया था।
स्मैकचियों चोरी का शक
नगर में पिछले कुछ समय से स्मैक जैसे महंगे नशे की गिरफ्त में सबसे अधिक युवा पीढ़ी आती जा रही है। जहां चोरी की घटनाएं हुई हैं वह क्षेत्र स्मैकचियों का गढ़ बन चुका है। इससे पूर्व भी नगर में चोरी की कई वारदातें हो चुकी हैं। लेकिन अधिकांश मामलों में पुलिस चोरों तक पहुंचने में विफल रही है। चोरी की इस नई वारदात को लेकर पीड़ित दुकानदारों और आम लोगों द्वारा स्मैकचियों पर शंका जताई जा रही है।

