चोरों ने दिखाया कमाल : बिजली कटौती होते ही काट ले गए 15 खंबों के तार, किसानों के पंप हुए ठप

Datia News : दतिया। बिजली कंपनी को अपनी ही कटौती अब सिरदर्द बनने लगी है। अधिकांश ग्रामीण क्षेत्रों में पंप फीडर की लाइट अधिकांश समय काट दी जाती है। ऐसे में किसान तो परेशान होते हैं, लेकिन इससे चोरों की मौज हो गई है। पिछले तीन दिन में बिजली कटौती के समय अज्ञात चाेरों ने 15 खंबों के तार आसानी से काटे और समेट ले गए। एल्यूमीनियम का कई क्विंटल कीमती तार चोरी हो जाने से कई गांवों में किसानों के मोटर पंप ठप हो गए। जिससे अब उनका सिंचाई करना मुश्किल हो गया है।

अनुभाग भांडेर थाना क्षेत्र उड़ीना अंतर्गत राजपुर मौजा में अज्ञात चोरों द्वारा तीन दिन के अंतराल में 15 खंबों से बिजली के तार काट ले जाने का मामला सामने आया है।

पहली घटना 23 दिसंबर की ओर दूसरी घटना 25 दिसंबर की रात की बताई जाती है। इस घटना के चलते संबंधित मौजा क्षेत्र में आने वाले दिनों में फसल सिंचाई संबंधित समस्या किसानों के सामने खड़ी हो गई है।

तार चोरी मामले से ग्रामीणों ने बिजली कंपनी के पंडोखर स्टेशन जेई को अवगत कराया गया। उन्होंने गोंदन थाने पर अज्ञात चोरों के खिलाफ एक शिकायती आवेदन भी दिया है। इसकी पुष्टि करते हुए थाना प्रभारी गोंदन अरविंद भदौरिया ने बताया कि बिजली कंपनी का आवेदन प्राप्त हुआ है।

उन्होंने बताया कि इस मामले में जांच आरंभ कर तार चोरी की घटना को अंजाम देने वाले चोरों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी। इस मामले को लेकर उड़ीना निवासी रमाशंकर यादव ने बताया कि जिस क्षेत्र में तार काटे जाने की वारदात हुई है। वह कृषि पंप लाइन है। यहां कई किसानों की डीपी लगी हैं।

आगामी एक हफ्ते बाद फसलों को पहला पानी लगना है। कृषि कार्य हेतु अभी मात्र 8 घंटे बिजली मिल रही है। चूंकि अभी सिंचाई की आवश्यकता नहीं है। इसलिए किसान भी रात्रि में फिलहाल खेतों पर मौजूद नहीं है।

ऐसे में व्याप्त सूनेपन का फायदा उठाते हुए अज्ञात चोर बिजली के खंबों से बिजली के तार काट ले गए। साथ ही बताया जाता है कि उड़ीना के ही एक किसान के खेत पर लगे ट्यूबवेल के स्टार्टर को भी चोर चुरा ले गए।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!