Datia News : दतिया । भांडेर नगर में श्रीराम कालोनी में घटित हुई चोरी की घटना के बाद एक अन्य चोरी का मामला सामने आया। जिसमें अज्ञात चोरों ने सौन तलैया के पहाड़ के ऊपर िस्थत बड़े पीर साहब की मजार पर लगी दान पेटी को तोड़कर उसमें जमा दान राशि पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी सुबह वहां पहुंचे गद्दीनशीं शरीफ़ शाह एवं मेहबूब खान को लगी।
इसके बाद इसकी जानकारी अन्य लोगों को दी गई। बताया जाता है कि मस्जिद पर दान पेटी लगी हुई थी जिसमें श्रद्धालु प्रति गुरुवार को बड़ी तादाद में यहां पहुंचकर अपनी श्रद्धा अनुसार दान पेटी में रुपये डालते हैं।
यह दान पेटी वर्ष में एक बार बड़े पीर साहब की देग के समय खोली जाती थी। लेकिन गुरुवार को यह दानपेटी टूटी मिली। इस मामले में मुस्लिम समुदाय के लोगों द्वारा भांडेर थाने पहुंचकर थाना प्रभारी को शिकायती आवेदन देकर चोर की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की गई। है।
नशे की हालत में कुएं में गिरा युवक : गुरुवार रात नगर के अकबरपुर मोहल्ला निवासी पंकज घर के पास स्थित कुएं में गिर गया है। इस घटना की सूचना पंकज के भाई दीपू अहिरवार पुत्र घनश्याम ने एफआरवी भांडेर को काल कर दी। सूचना पर एफआरबी चालक कपिल दुबे, कांस्टेबल राहुल पक्षवार तत्परता से मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से रस्सी के सहारे पंकज को कुएं से सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए भांडेर अस्पताल पहुंचाया।
इस मामले में एफआरवी चालक कपिल के अनुसार पंकज नशे की हालत में था और इसी नशे की स्थिति में वह कुएं में गिर पड़ा। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जाती है।
पुलिस ने नाइट काबिंग गश्त कर पकड़े वारंटी : पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर दतिया पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड के निर्देशन में थाना प्रभारियों द्वारा टीम गठित कर रात्रि में नाइट काबिंग गश्त किया गया।
इस दौरान 8 स्थाई वारंटी, एक फरार आरोपित को गिरफ्तार किया गया। वहीं 49 गिरफ्तारी वारंट की तामील कराई गई। 72 एचएस बदमाशों को चेक किया गया। साथ ही 135 गुंडों को चेक किया गया। उक्त कार्रवाई में सभी थानों के थाना प्रभारी एवं उनकी पुलिस टीम की भूमिका रही।


