दुकान का ताला तोड़कर चोर ले गए मोबाइल लैपटाप : जहां हुई चोरी वहां थोड़ी दूर पर खड़ा रहता है पुलिस वाहन

Datia News : दतिया। अज्ञात चोरों ने टाउनहाल स्थित मोबाइल की दुकान में चाेरी की घटना काे अंजाम दिया। शहर के बीचों बीच जिस स्थान पर चोरी हुई है वहां से 100 मीटर की दूरी पर पुलिस का गश्त वाहन खड़ा रहता है। चोर शनिवार-रविवार की रात दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुस गए।

जहां से चोरों ने 15 से 20 मोबाइल सेट और दुकान में रखा लैपटाप चोरी कर लिया। दुकानदार नीरज टिलवानी पुत्र भाग्यचंद्र टिलवानी निवासी गाड़ीखाना ने बताया कि चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर इस घटना को अंजाम दिया।

घायल अवस्था में पड़ा मिला युवक : भांडेर रोड स्थित मोना हनुमान मंदिर के पास शनिवार रात एक युवक जख्मी हालत में सड़क किनारे पड़ा मिलने पर वहां से गुजर रहे राहगीरों ने उसे 108 एम्बुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे झांसी रेफर कर दिया।

घायल की जेब से आधार कार्ड मिलने पर उसकी पहचान सालोन भर्रोली निवासी 25 वर्षीय राघवेंद्र पुत्र हरिबल्लभ के रूप में हुई। घायल अवस्था में सड़क किनारे मिले युवक के अज्ञात वाहन की चपेट में आ जाने की शंका जताई जा रही है।

युवक को सिर और चेहरे पर गंभीर चोट होने के कारण उसे झांसी रेफर किया गया है। इस मामले में स्वजन का कहना है राघवेंद्र मोना हनुमान मंदिर कैसे पहुंचा इस बारे में उन्हें भी जानकारी नहीं है। सिविल लाइन थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।

घर से बिना बताए गई किशोरी लापता : सिविल लाइन थाना पुलिस ने नाबालिक किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने वाले अज्ञात युवक के विरुद्ध मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू कर दी है।

दतिया निवासी किशोरी के स्वजन ने पुलिस को बताया कि गत एक दिसंबर की सुबह उनकी बेटी घर से कुछ बताए बगैर कहीं चली गई। रात तक वह वापिस नहीं लौटी। हर जगह तलाश के बाद भी कुछ पता नहीं चलने पर उन्होंने पुलिस की मदद ली। स्वजन ने शंका जताई है कि कोई अज्ञात युवक उनकी बेटी को बहला फुसला कर भगा ले गया है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!