दुल्हन के चोरी किए चढ़ावे का बंटवारा कर रहे थे चोर तभी आ धमकी पुलिस, 20 लाख के माल से भरा बैग छोड़कर भागे

Datia News : दतिया। स्थानीय भगवती मैरिज गार्डन में ग्वालियर के सिरोल से आई बारात के जेबरात से भरे बैगों की चोरी हो जाने का खुलासा सिविल लाइन थाना पुलिस ने कर दिया है। मंगलवार को एसडीओपी प्रियंका मिश्रा ने इस मामले में प्रेसवार्ता में घटना का खुलासा किया। पुलिस ने चोरी किया गया माल तो बरामद कर लिया, लेकिन चोर मौके से चकमा देकर भागने में सफल हो गए। जिनकी तलाश पुलिस कर रही है।

एसडीओपी प्रियंका मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि गत दिनों मैरिज गार्डन में दुल्हन के चढ़ावे के सोने चांदी के आभूषणों से भरा बैग चोरी हो गया था। पुलिस ने चोरी किए गए 40 तोले के सोना चांदी के जेबरात बरामद कर लिए हैं। बरामद हुए माल की अनुमानित कीमत 20 लाख रुपये बताई गई है।

मौके से पुलिस माल ही बरामद कर सकी जबकि चोर भागने में सफल हो गए। प्रेसवार्ता में सिविल लाइन थाना टीआई धवल सिंह चौहान एवं डीपार थाना प्रभारी वैभव गुप्ता भी मौजूद रहे।

एसडीओपी प्रियंका मिश्रा ने बताया कि मैरिज गार्डन में आयोजित एक शादी समारोह में से अज्ञात चोर दुल्हन को पहनाए जाने वाले सोने चांदी के जेबरों से भरा बैग चोरी करके ले गए थे। घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी।

सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू की। विवेचना के दौरान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान की गई। पहचान के दौरान पता चला कि चोर राजगढ़ के ही निवासी है। जिनके नाम सोहेल सांसी, बंटी, रितिक सांसी, निखिल सांसी बताए गए हैं।

माल मिला लेकिन भाग निकले चोर : एसडीओपी ने बताया कि 23 मई को चोरों को गिरफ्तार करने के लिए टीम बनाकर दतिया से रवाना की गई थी। टीम ने राजगढ़ पहुंचकर मुखबिर को सक्रिय किया और चारों संदेहियों के बारे में जानकारी जुटाई।

तभी सूचना मिली की ग्राम कड़िया में स्थित हनुमान मंदिर के पास आरोपित आपस में माल का बंटवारा कर रहे हैं। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने घेराबंदी की। लेकिन पुलिस को आता देख चारों बदमाश चकमा देकर भागने में सफल हो गए।

चोर सोने चांदी के आभूषणों से भरा बैग वहीं छोड़ गए। मौके से बरामद बैग की पुलिस ने जब तलाशी ली तो उसमें एक जोड़ी हार, एक हाथफूल, दो लेडीज अंगूठी, एक सोने की नथ, 6 सोने की चूड़ियां, बाजूबंद सोने का, सोने का लंबा हार, झुमकी सेट, मंगलसूत्र, एक सोने की बेंदी, सोने की एक जंजीर मिली। इस पूरे सामान का वजन लगभग 40 ग्राम निकला है। जिसकी अनुमानित कीमत 20 लाख रुपये आंकी गई है।

उक्त कार्रवाई थाना प्रभारी सिविल लाइन धवल सिंह चौहान, डीपार थाना प्रभारी वैभव गुप्ता, एएसआई आजाद खां, एएसआई संजीव, आरक्षक अनिल, आरक्षक पंकज उदैनिया, आरक्षक भूपेंद्र राणा, आरक्षक रमन दुबे, सतीश, राहुल गुर्जर, शिवराम गुर्जर की भूमिका रही। उक्त चोरी का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को तीस हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा भी की गई है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!