अस्पताल से वैक्सीन चोरी कर लेे गए चोर, जानिए राजस्थान के किस शहर में हुआ यह कारनामा

जयपुर । कोरोना वैक्सीन भी अब चोरों के निशाने पर आ गई है। वैक्सीन चोरी हो जाने की घटना ने राजस्थान के जयपुर में सनसनी फैला दी। जिस अस्पताल में वैक्सीन चोरी हुई है, वहां कोल्ड स्टोरेज में वैक्सीन रखी गई थी। जब अस्पताल प्रबंधन ने स्टाक चैक किया तो गिनती में वैक्सीन कम निकली। वैक्सीन चोरी को लेकर मामला पुलिस थाने में पहुंच गया है।

राजस्थान के जयपुर के सरकारी कांवटिया अस्पताल से कोरोना टीके की 32 वायल चोरी होने का मामला सामने आया है। थाना अधिकारी दिलीप सिंह ने बताया कि कांवटिया अस्पताल के अधीक्षक डा.हर्षवर्धन की ओर से अस्पताल के कोल्ड स्टोरेज डिपो से कोरोना की 32 वायल चोरी का मामला बुधवार को शास्त्री नगर थाना क्षेत्र में दर्ज कराया गया है।

एक वायल में 10 खुराक होती है और 32 वायल में कुल 320 डोज थी। उन्होंने बताया कि दर्ज शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 380 के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। इस मामले को राज्य की कांग्रेस सरकार पर विपक्षी दल निशाना साध रहे हैं। टीका चोरी की घटना का दोष सरकार के माथे मढा जाने लगा है।

इस बीच बीजेपी ने इस मामले को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा है। पार्टी प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनियां ने ट्वीट कर कहाकि राजस्थान में टीका चोरी होना राज्य सरकार की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की पोल खोलता है और यह सरकार की बड़ी लापरवाही है।

राजस्थान में बढ़ रहे कोरोना के मामले

राज्य में 6200 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हुए हैं और 29 लोगों की मौत हुई है। राजस्थान में कोरोना के अब तक 3,81,292 केस की पुष्टि हुई है और 3,008 मरीजों की मौत हुई है। अब तक 3,33,379 मरीज ठीक हुए हैं।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!