दतिया । तीन माह से फरार तीन तलाक के आरोपी को मंगलवार की शाम को सेवढ़ा पुलिस ने ग्वालियर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी घटना के बाद से ही फरार चल रहा था। जिसकी गिरफ्तारी के लिए सेवढ़ा पुलिस लगातार प्रयासरत थी। जानकारी के अनुसार दो माह पहले फरियादिया जायजा बानो ने सेवढ़ा थाने आकर इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिस पर थाने में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था।
महिला की रिपोर्ट पर उसके पति आरोपित साजिद खान के खिलाफ तीन तलाक को लेकर मामला दर्ज हुआ था। घटना दिनांक से ही साजिद फरार चल रहा था। गत दिवस सेवढ़ा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी साजिद खान को ग्वालियर में देखा गया है। इस सूचना पर तत्काल सेवढ़ा थाने से टीम को रवाना किया गया । पुलिस टीम ने मुखबिर द्वारा बताए हुए स्थान पर दबिश दी। जहां पुलिस को देखकर आरोपित साजिद ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उसे घेरकर पकड़ लिया। ग्वालियर से गिरफ्तार कर लाए गए आरोपित को पुलिस ने बुधवार को न्यायालय में पेश किया गया।
इस कार्रवाई में टीआई शिशिर दास, एएसआई एसएन शर्मा, आरक्षक निजाम, मंजेश, इशुराज, शैलेंद्र, विपिन की मुख्य भूमिका रही । मालूम हो कि केंद्र सरकार द्वारा तीन तलाक को लेकर बनाए गए कानून के बाद इसका उल्लंघन करने पर सजा का प्रावधान है। इस तरह के मामलों में पुलिस को भी तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश हैं। जिसके तहत आरोपित साजिद को गिरफ्तार करने सेवढ़ा पुलिस टीम ग्वालियर पहुंची थी।

