दतिया (भांडेर)। जिले के भांडेर-सरसई मार्ग पर शाम के वक्त बाइक सवार दंपति को असलहा दिखाकर सोने का जोधा हार लूटने की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश के झांसी से जुड़े अंतर्राज्यीय लुटेरा गिरोह के तीन शातिर बदमाशों को धर दबोचा है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से महिला के गले से लूटा गया सोने का जोधा हार और वारदात में इस्तेमाल की गई पल्सर मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई है। पुलिस खुलासे के अनुसार, इस डकैती की पूरी रूपरेखा दो दिन पहले झांसी में तैयार की गई थी। मामले में शामिल एक कुख्यात हिस्ट्रीशीटर अभी फरार है, जिसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।
निमंत्रण से लौट रहे थे पति-पत्नी, नहर के पास ओवरटेक कर घेरा : भांडेर थाने में दर्ज मामले के अनुसार वारदात 10 अक्टूबर की शाम लगभग 7:30 बजे घटित हुई थी:
रास्ते में लगाई अड़ंग : ग्राम कुल्हरिया निवासी हरीशंकर निरंजन अपनी पत्नी संध्या के साथ भांडेर में आयोजित एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होकर बाइक से गांव लौट रहे थे।
कट्टे की नोक पर छीना जेवर : सरसई मार्ग पर ततारपुर पट्टी स्थित मिथिला गार्डन से आगे नहर के समीप काले-लाल रंग की पल्सर सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने दंपति की बाइक को ओवरटेक कर कट मारा और जबरन रुकवा लिया। इसके बाद जान से मारने की धमकी देकर कट्टा अड़ाया और महिला के गले से कीमती जोधा हार झपटकर फरार हो गए। पीड़ित ने तत्परता दिखाते हुए भाग रहे बदमाशों की बाइक का पंजीयन नंबर यूपी 93 बीएस 3925 नोट कर लिया था।
झांसी में बनी थी लूट की योजना, सुनसान सड़क पर की थी रेकी : अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) मंजीत सिंह चावला ने पूरे घटनाक्रम का ब्योरा देते हुए बताया कि बदमाशों ने वारदात से दो दिन पूर्व झांसी में बैठकर योजना तैयार की थी:
श्राद्ध पक्ष में आवाजाही का फायदा: आरोपियों को जानकारी थी कि श्राद्ध और मांगलिक कार्यक्रमों के चलते ग्रामीण अंचल की सड़कों पर जेवर पहनकर लोगों का आवागमन रहता है। उन्होंने भांडेर-सरसई मार्ग के अंधेरे और सन्नाटे को वारदात के लिए मुफीद चुना।
पीछा कर दिया वारदात को अंजाम: रेकी के दौरान बदमाशों ने बाइक पर जा रही महिला के गले में सोने का भारी हार देख लिया और उसका पीछा शुरू किया। जैसे ही बाइक सुनसान नहर के पास पहुंची, उन्होंने हथियार के बल पर लूट को अंजाम दे दिया।
झांसी के 3 बदमाश सलाखों के पीछे, बड़ागांव का हिस्ट्रीशीटर फरार : मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से घेराबंदी करते हुए भांडेर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है:
गिरफ्तार आरोपी: शरद कुमार अहिरवार (22) निवासी सुदामापुरी कॉलोनी खोड़न (झांसी), मुकुल राजपूत (20) निवासी बराठा थाना बड़ागांव (झांसी) और विक्रम वंशकार (19) निवासी सिद्धेश्वर नगर सीपरी बाजार (झांसी)।
शातिर पृष्ठभूमि: पकड़ा गया मुकुल राजपूत हत्या के प्रयास जैसे संगीन अपराधों में संलिप्त रहा है। वहीं फरार चौथे साथी अभिषेक राजपूत उर्फ अभी के खिलाफ झांसी के थानों में डकैती और लूट के 16 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं। वह बड़ागांव थाने का हिस्ट्रीशीटर और चिरगांव क्षेत्र का घोषित गैंगस्टर है।
फरियादी की तहरीर पर भांडेर थाने में बीएनएस (BNS) की धारा 309(4) और मप्र डकैती एवं व्यपहरण प्रभावित क्षेत्र अधिनियम (MPDVPK Act) की धारा 11/13 के तहत प्रकरण कायम किया गया था। तीनों गिरफ्तार आरोपियों को रिमांड पर लेकर फरार गैंगस्टर की धरपकड़ के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

