Datia news : दतिया। शनिवार रात दो अलग-अलग जगहों पर हुई फायरिंग की घटनाओं ने लोगों में दहशत फैला दी। राजगढ़ फाटक के पास एक किसान युवक छत पर मोबाइल पर बात कर रहा था, तभी उसे अचानक गोली लग गई, जबकि रविवार सुबह थरेट क्षेत्र के ग्राम खेरोना में रंजिश के चलते हुई फायरिंग में दो युवक घायल हो गए। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी हुई है।
पहली घटना शनिवार रात की है। ग्राम बरोदी निवासी पवन शर्मा अपने चाचा दीपक शर्मा के घर राजगढ़ फाटक के पास रुका हुआ था। रात करीब साढ़े दस बजे वह छत पर मोबाइल से बात कर रहा था, तभी अचानक एक गोली आई और उसके दाहिने हाथ में जा लगी।
गोली चलने की आवाज सुनते ही परिवारजन और पड़ोसी दहशत में आ गए। लोग जब छत पर पहुंचे तो पवन खून से लथपथ पड़ा था। यह स्पष्ट नहीं हो सका कि गोली कहां से चली और किसने चलाई।
सूचना पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। डॉ. राहुल शर्मा ने बताया कि युवक के हाथ में छर्रा लगा है और स्थिति खतरे से बाहर है।
वहीं टीआई धीरेन्द्र मिश्रा ने कहा कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, आसपास के इलाके में छानबीन चल रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
खैरोना में दुकान पर हुई फायरिंग : दूसरी ओर, रविवार सुबह थरेट क्षेत्र के ग्राम खेरोना में किराना दुकान के पास रंजिश के चलते फायरिंग हुई, जिसमें दो युवक घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, जितेंद्र माहौर की दुकान के पास निर्भय गुर्जर और ऋतिक राठौर खड़े थे। तभी धीरेंद्र यादव, अरुण यादव, बबलू यादव, लालू यादव और अरविंद यादव मौके पर पहुंचे और पुरानी रंजिश को लेकर विवाद करने लगे। विवाद बढ़ने पर आरोपितों ने फायरिंग कर दी।
फायरिंग में निर्भय गुर्जर के पैर में गोली लगी, जबकि ऋतिक राठौर के सिर में छर्रे लगने से वह घायल हो गया। दोनों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल दतिया रेफर किया गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है।
लगातार दो दिनों में हुई फायरिंग की घटनाओं से शहर और ग्रामीण इलाकों में भय का माहौल है। लोग रात में घरों से निकलने से बच रहे हैं,जबकि पुलिस इन मामलों के पीछे की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।


