Datia News : दतिया। मंगलवार शाम इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के भांडेर रोड पर गैस रिफलिंग के दौरान छोटा सिलेंडर फटने से गैस रिसाव हो जाने से आग लग गई। जिसमें दुकानदार सहित दो अन्य लोग भी झुलस गए। पुलिस के पहुंचने से पहले ही घायल दुकानदार उपचार के लिए अस्पताल पहुंच गया।
प्रशासन की लापरवाही के चलते इंदरगढ़ में अवैध रूप से गैस सिलेंडर की रिफलिंग का अवैध धंधा तेजी से चल रहा है। मंगलवार शाम 5 बजे तिवारी साइकिल की दुकान पर अवैध रिफलिंग के दौरान छोटे सिलेंडर फटने के बाद धमाका हो गया। घटना में गैस रिफलिंग कर रहा युवक झुलस गया। गनीमत रही कि छोटा सिलेंडर ही फटा नहीं तो गंभीर हादसा हो जाता।
जानकारी के अनुसार भांडेर तिराहा िस्थत अरुण तिवारी की दुकान है। जहां गैस रिफलिंग भी की जाती है। इसी दौरान किशन कुशवाह अपना छोटा सिलेंडर भरवाने दुकान पर आया। किशन के साथ उसका लड़का भी था।
![Banner Ad](http://ebharatnews.in/wp-content/uploads/2024/10/rt-4-compressed.jpg)
बड़े सिलेंडर से छोटे सिलेंडर को रिफिल किया जा रहा था। इसी बीच छोटा सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया। सिलेंडर फटने दुकानदार सहित दो अन्य लोग घायल हो गए। जब तक मौके पर पुलिस पहुंची तब तक दुकानदार दुकान बंदकर चला गया।
मौके पर कई गैस सिलेंडर पड़े हुए थे, गनीमत रही कि उनमें से किसी ने आग नहीं पकड़ी। जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया। घायल युवक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद कोई भी फरियादी थाने नहीं पहुंचा। फिलहाल इस संबंध में कोई मामला दर्ज किए जाने की जानकारी नहीं मिली है।