दतिया. सेवढा अनुभाग के डीपार थाना क्षेत्र के ग्राम पुराना कसेरुआ में हुए अंधे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। घटना को अंजाम देने वाले तीन आरोपित भी पुलिस ने बंदूक, कट्टे सहित गिरफ्तार कर लिए हैं। कसेरुआ रोड पर नटवाली घटिया के पास टिंकू त्यागी की सिर कुचली लाश पुलिस ने गत 19 मार्च को बरामद की थी। मृतक के सीने व मुंह में गोलियां लगी थी। इस मामले में ग्राम के चौकीदार संभर सिंह पुत्र श्रीहरकंठ परिहार द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। जिस पर मर्ग कायम कर पुलिस मामले की छानबीन में जुटी थी।
मौके पर प्रारंभिक जांच पुलिस ने पाया कि मृतक टिंकू उर्फ रामबरन त्यागी के गुप्तांग को भी छुरी से काटकर चोट पहुचाईं गई थी। मामला प्रथम दृष्टया प्रेम प्रसंग का होने की प्रबल संभावना को देखते हुए मृतक के भाई व रिश्तेदारों ने पूछतांछ की गई। जिसमें उन्होंने इस मामले में सुनील त्यागी और दो अन्य पर घटना घटित करने का संदेह व्यक्त किया। जांच पर हत्या का मामला कायम कर तीनों संदेही को पकड़कर पुलिस ने सख्ती दिखाई तो उन्होंने सारी घटना कबूल दी।
आरोपित सुनील त्यागी ने पुलिस को बताया कि मृतक के परिवार की एक महिला से अवैध संबंध थे। जिसका मृतक टिंकू त्यागी विरोध करता था। इसी बात की रंजिश के कारण सुनील ने अपने भांजे विजय त्यागी निवासी गहेली व सौरभ त्यागी निवासी मंगरोल को बुलाकर योजनाबद्ध तरीके से 18-19 मार्च की मध्य रात्रि 1 बजे के अपनी लाइसेंसी बंदूक से एवं सौरभ ने कट्टे से गोली मार दी। विजय ने पत्थर से सिर कुचलकर टिंकू की हत्या कर दी। तीनों आरोपित सुनील त्यागी पुत्र गंगाराम त्यागी निवासी नया कसेरुआ, सौरभ त्यागी पुत्र पूरन त्यागी निवासी मंगरोल व विजय त्यागी पुत्र रामस्वरुप त्यागी निवासी गहेली को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपितों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त असलाह व बाइक भी बरामद कर ली हैं।
एएसपी मौर्य ने बताया कि आरोपितों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। इस अंधे हत्याकांड का खुलासा करने में थाना प्रभारी डीपार कार्यवाहक निरीक्षक परमानंद शर्मा, सउनि मुरारी शर्मा, अनिल चंसौलिया, बृजमोहन उपाध्याय, नरेश कुशवाहा, जयवीर सिंह, अखिलेश सेंथिया, विकास तोमर, विवेक उपाध्याय एवं सायबर सेल टीम की भूमिका रही है।

