विदा कराकर घर लौट रहे दूल्हा-दुल्हन की कार का फटा टायर : दोनों गंभीर घायल, बाराती भी हुए जख्मी

Datia news : दतिया। विवाह के बाद विदा होकर कार से वापिस अपने ग्राम बेलमा आ रहे दूल्हा दुल्हन की कार का टायर फट जाने से वह बेकाबू होकर पलट गई। इस हादसे में दूल्हा दुल्हन सहित छह बाराती सड़क हादसे में घायल हो गए। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि हादसा ड्राइवर को नींद की झपकी आ जाने से घटित हुआ। इस घटना के बाद शादी की खुशियां पर पानी फिर गया।

घटना बुधवार दोपहर 12 बजे पंडोखर थाना क्षेत्र के ग्राम रामनेर-धौढ़ के पास हाइवे रोड पर घटित हुई। हादसे में दो बच्चे भी घायल हुए हैं। वहीं दूल्हा दुल्हन की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें भांडेर से उपचार के बाद ग्वालियर रेफर कर दिया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही पंडोखर पुलिस माैके पर पहुंची।

जानकारी के अनुसार ग्राम बेलमा थाना आलमपुर जिला भिंड निवासी अन्नू पुत्र अशोक भार्गव की 16 मई को दतिया में शादी थी। बुधवार सुबह विदा के बाद दूल्हा अन्नू तथा दुल्हन आस्था कार में सवार होकर घर बेलमा लौट रहे थे।

इसी बीच कार का टायर फट जाने से अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने खेत में घुसकर पलट गई। इस हादसे में दूल्हा दुल्हन की हालत ज्यादा खराब बताई गई है। जबकि उनके साथ सवार महिला रिंकी, ड्राइवर दीपक भी घायल हो गया।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter